प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक एक साजिश, बर्खास्त हो पंजाब सरकारः हिन्दू महासभा
मेरठ, 06 जनवरी (हि.स.)। अखिल भारत हिन्दू महासभा ने पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक को एक साजिश बताया है। हिन्दू महासभा ने इस कृत्य की घोर निंदा करते हुए पंजाब सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है।
शारदा रोड स्थित अखिल भारत हिन्दू महासभा के कार्यालय पर गुरुवार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित अशोक शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में बुधवार को पंजाब में प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा में चूक मामले में आक्रोश व्यक्त किया गया। प्रदेश प्रवक्ता और जिलाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि हिन्दू महासभा इस मामले की घोर निंदा करती है। इस मामले में साजिश रची गई है। इस कृत्य के लिए राष्ट्रपति को पंजाब सरकार को बर्खास्त करके राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री को सुरक्षा नहीं मिल सकती है तो आम आदमी या कट्टरवादी हिन्दू नेताओं को क्या सुरक्षा मिलेगी। कभी पश्चिम बंगाल में भाजपा नेताओं पर हमला किया जाता है तो कभी छत्तीगढ़, राजस्थान में भाजपा कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम करने से रोका जाता है। प्रधानमंत्री का विरोध करते हुए कुछ लोग राष्ट्रहित में कार्य करने वाले नेताओं का विरोध कर रहे हैं। यह सरासर गलत है और एक तरीके से भारत को तोड़ने की साजिश है।
उन्होंने कहा कि एक बार फिर भारत के अंदर टुकड़े-टुकड़े गैंग सक्रिय करने का कार्य चल रहा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस कार्य में लिप्त पंजाब के अधिकारियों के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाए। यह बात सोचने की है यह वही गांधीवादी लोग हैं जो दिन में खूनी तांडव करते हैं, झगड़ा करते हैं, दंगा करते हैं। जब इन्हें गिरफ्तार के लिए पुलिस प्रशासन बढ़ता है तो यह सभी अपने नकली बापू गांधी के चरणों में बैठकर गांधी धुन गाने लगते हैं।
