रायबरेली:कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपाइयों ने फूंका सोनिया गांधी का पुतला,पंजाब सरकार को बर्खास्त करने की मांग

0

रायबरेली, 06 जनवरी (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले को रोके जाने से नाराज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को रायबरेली में ज़ोरदार प्रदर्शन किया और कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुतला भी फूंका।
पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले को 20 मिनट तक सड़क पर रोके जाने से नाराज भारतीय जनता पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं ने सांसद और कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का पुतला उन्हीं के जिला कार्यालय के बाहर फूंका। ऐसा पहली बार हुआ है जब कांग्रेस के जिला कार्यालय तिलक भवन के बाहर सोनिया गांधी का पुतला फूंका गया है।
नगर अध्यक्ष अखिलेश तिवारी का कहना है कि जिस तरह से पाकिस्तान बॉर्डर के पास प्रधानमंत्री का काफिला रोका गया, यह षड्यंत्र का विषय है और इसकी जांच होनी जरूरी है। सोनिया गांधी और पंजाब सरकार के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की । पंजाब सरकार मुर्दाबाद सोनिया गांधी मुर्दाबाद के नारों के साथ पुतला फूंक रहे भाजपा के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने।
उल्लेखनीय है कि इस दौरान कार्यालय में कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब की कांग्रेस सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग भी की है।इसके अलावा जिले भर में कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए और पंजाब के मुख्यमंत्री सहित सोनिया गांधी का पुतला फूंका गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *