झारखंड में हुई सड़क दुर्घटना पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख, सहायता राशि का किया ऐलान

0

झारखंड के पाकुड़ में बुधवार सुबह हुई भीषण सड़क दुर्घटना में 16 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट करके दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया। साथ ही मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
उल्लेखनीय है कि पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिट्टीपाड़ा-अमड़ापाड़ा रोड पर पडेरकोला गांव के पास यात्रियों से भरी बस और गैस सिलेंडरों से लदे ट्रक में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।दुर्घटना में 16 बस यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। अबतक 15 लोगों के शव की शिनाख्त हो गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के आला अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत-बचाव कार्य के निर्देश दिए।
पाकुड़ विधायक सह सूबे के ग्रामीण विकास विभाग मंत्री आलमगीर आलम ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। साथ ही सरकार के स्तर से मृतकों के परिजन तथा घायलों को हर संभव मदद की बात कही है। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा बतौर मुआवजा मृतकों के परिजन को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *