सीएपीएफ जवानों को रिकॉर्ड समय में आयुष्मान कार्ड किया गया वितरितः नित्यानंद राय

0

नई दिल्ली, 05 जनवरी (हि.स.)।केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को प्रत्येक केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के अंतिम 10 कर्मियों को आयुष्मान सीएपीएफ़ कार्ड वितरित किए । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 35 लाख सीएपीएफ कार्मिकों एवं उनके परिवारों को रिकॉर्ड समय में आयुष्मान सीएपीएफ कार्ड वितरित किया गया है।
केन्द्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि हमारे जवानों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य का प्रबंध और कल्याण सुनिश्चित करना मोदी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल सीमा सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद, नक्सलवाद, उग्रवाद की समस्या से निपटने, राज्यों में विधि व्यवस्था एवं चुनाव में पूरा सहयोग करते हैं।
राय ने कहा कि पहले परामर्श एवं जांच केवल बलों के अस्पतालों या अन्य सरकारी अस्पतालों या सीजीएचएस के पैनल में शामिल अस्पतालों में ही उपलब्ध थी। लेकिन अब इस योजना के तहत आयुष्मान भारत पीएम-जेएवाई के सूचीबद्ध लगभग 24 हजार अस्पतालों में चिकित्सा की सुविधा कैशलेस आधार पर उपलब्ध होगी और इस योजना में होने वाले खर्च की कोई सीमा नहीं रखी गयी है। विभिन्न बलों के कार्मिकों के परिजन जो देश के सुदूर क्षेत्रों में रहते हैं, उनके लिए इलाज करवाना अब काफी आसान हो जायेगा। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा कि यह योजना हमारे सशस्त्र पुलिस बलों के कार्मिकों एवं उनके परिवार के सदस्यों के स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
राय ने कहा कि सीएपीएफ कर्मी और उनके परिवार के सदस्य अब सीजीएचएस या आयुष्मान भारत पीएम-जय के तहत सूचीबद्ध सभी अस्पतालों में कैशलेस, इन-पेशेन्ट एवं आउट-पेशेंट स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। आयुष्मान सीएपीएफ का अखिल भारत रोलआउट 31 मार्च 2022 तक पूरा करने की योजना है। यह योजना केन्द्रीय गृह मंत्रालय तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण की एक संयुक्त पहल है।
इस अवसर पर सभी केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के महानिदेशक, केन्द्रीय गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी और सशस्त्र पुलिस बलों के जवान उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *