फिरोजाबाद: अभाविप के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामसनेही गुप्ता का निधन

0

फिरोजाबाद, 05 जनवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकतंत्र सेनानी प्रोफेसर रामसनेही लाल गुप्ता का आज 92 वर्ष की उम्र में उनके निज निवास पर निधन हो गया। उनके निधन पर सामाजिक संगठन, समाज सेवियों, विधायक, महापौर सहित तमाम राजनैतिक दलों के नेताओ ने शोक प्रकट किया है।
भाजपा के नगर विधायक मनीष असीजा ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर रामसनेही लाल गुप्ता का आज स्वर्गवास हो गया है। जीवन-मृत्यु के इस शाश्वत आवागमन में हम सभी अपनों के बिछुड़ने का आघात सहन करते है। इन्हीं में से कुछ ऐसी विशिष्ट विभूतियाँ होती हैं, जिन्होंने समाज-जीवन-संगठन के लिये अपनी वैचारिक ऊर्जा, दृढ़ता, निरंतरता एवं ध्येयनिष्ठता के साथ अपना समूचा जीवन होम कर दिया। रामसनेही लाल इसी अतिदुर्लभ श्रंखला के एक देदीप्यमान उदाहरण थे। मेरे जैसे लाखों कार्यकर्ताओं को दिशा एवं प्रशिक्षण देने वाले पूज्य भाई साहब ने आजीवन अविचल जिजीविषा के साथ विचार परिवार के प्रवाह को गतिशील रखते हुये अपना पूरा जीवन एक उदाहरण के साथ व्यतीत किया। अत्यंत शोक के इस समाचार की जानकारी मिलते ही भाई साहब के सानिध्य में बाल्यकाल से लेकर अब तक की बितायी हुयी स्मृतियां सजीव हो उठीं है। उनका कठोर परिश्रम, विपरीततम परिस्थितियों में धैर्यपूर्वक नेतृत्व प्रदान करना, अपने ओजस्वी विचारों से बड़े से बड़े समूह के अंदर स्फूर्ति एवं उत्साह का प्रवाह कर देना, प्यार और स्नेह से संरक्षण संवर्धन करना और लापरवाही करने पर डांटना, झिड़की देना मानो अब एक सपना बन कर रह गया।
रामसनेही लाल गुप्ता एक व्यक्ति नहीं एक जीवंत संस्था थे और उनका हम सब के बीच से जाना पारवारिक रूप से, व्यक्तिगत रूप से, सांगठनिक रूप से, समाजिक रूप से अपूर्णीय क्षति है।
भाजपा के महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार ने श्री गुप्ता के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा है कि स्व. बाबूजी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के साथ-साथ वह हमारे विचार परिवार के सदस्य तथा मार्गदर्शक थे। वह इस दुनिया को छोड़कर गये है। उनकी कमी हम सभी को खलेगी। हम उनके निधन पर शोक प्रकट करते हुए ईश्वर से प्रार्थना करते है कि ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे साथ ही उनके परिवार और सभी कार्यकर्ताओं को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर राय ने बताया कि स्व. बाबू जी ने अपने संपूर्ण जीवन में छात्रों व युवाओं के अंदर राष्ट्रीयता की भावना प्रेरित करने का काम किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से उन्होंने पूरे देश के डिग्री कॉलेज, इंटर कॉलेज और विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों में उनकी जो प्रतिभा थी जो रचनात्मकता थी उसको सही दिशा में ले जाकर राष्ट्रवाद की मुख्यधारा से जोड़ने का काम संपूर्ण जीवन में किया। उनके द्वारा तैयार किए गए छात्र आज समाज सेवा, राजनीति व प्रशासन में महत्वपूर्ण व प्रमाणितता के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
लोकतंत्र सेनानी संघ के जिलाध्यक्ष दिनकर प्रकाश गुप्ता ने बताया कि स्व. गुप्ता जी ने तीन साल नाइजीरिया में भी शिक्षक के रूप में सेवाएं दी थी।
नगर के प्रमुख सीएल जैन डिग्री कॉलेज के पूर्व प्राधानाचार्य रहे थे। इसके साथ ही वह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के क्षेत्र संपर्क प्रमुख के दायित्य पर भी रहे और हम सब कार्यकर्ताओ का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ा है।
भाजपा की महापौर नूतन राठौर ने भी स्व. गुप्ता जी के निधन पर शोक प्रकट किया है। इसके साथ ही सोशल मीडिया के फेसबुक, वाट्सअप सहित अन्य प्लेटफॉर्म व स्व. गुप्ता जी के हनुमान रोड, जिंदल गंज स्थित आवास पर उनको श्रद्धांजलि देने वालो का तांता लगा हुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *