अब एक रंग की ड्रेस में नजर आएंगे गुरुजी
झुंझुनू, 04 जनवरी (हि.स.)।राजस्थान में झुंझुनू जिले के नवलगढ़ के मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) ने एक नई पहल की है। अब इस कार्यालय के सभी अधिकारी व कर्मचारियों को एक समान ड्रेस लागू की गई है। कार्यालय में सभी की सहमति से सीबीईओ अशोक शर्मा ने नए साल से ड्रेस कोड लागू किया है। जिसमें सभी के लिए नीले रंग की पेंट व कोट शामिल किया गया है। सोमवार को जब कार्यालय खुला तो सभी इस ड्रेस कोड में नजर आए।
सीबीईओ अशोक शर्मा ने कहा कि स्कूल में बच्चे स्कूल ड्रेस पहनकर आते हैं। इसलिए सोचा कि जब बच्चे स्कूल ड्रेस पहनकर आते हैं तो स्कूल का स्टाफ या उनसे जुड़े शिक्षा विभाग का स्टाफ एक रंग की ड्रेस पहनकर क्यों नहीं आ सकता।
इस नवाचार को सफल बनाने के लिए उन्होंने अपने कार्यालय से इसकी शुरुआत करने का निर्णय लिया। उन्होंने अपने इस नवाचार को अपने साथियों को बताया। इसके बाद सभी कर्मचारियों ने इस बारे में सहमति प्रदान कर दी। इसके बाद निर्णय लिया गया कि नए साल में जब कार्यालय खुलेगा तो सभी कर्मचारी कोट-पेंट में नजर आएंगे। जिसके बाद सभी कर्मचारियों ने एक रंग का चयन किया और सभी कर्मचारियों ने एक रंग का कपड़ा खरीदकर नया कोट-पेंट तैयार करवा लिया और सभी कर्मचारी सोमवार को नई ड्रेस में कार्यालय में नजर आए। एसीबीईओ जयसिंह कुलहरी व महेंद्र सैनी ने बताया कि नया ड्रेस लागू होने से बहुत खुश हैं। अगर हमारे कार्यालय से प्रभावित होकर स्कूलों का स्टाफ ड्रेस कोड लागू करता है तो उनको बड़ी खुशी होगी।
इससे पहले सीबीईओ ने कार्यालय को गोल्डन सिटी अभियान से प्रेरित होकर 80 हजार रुपए खर्च करके सबसे पहले सीबीईओ कार्यालय का सौंदर्यकरण किया गया। कार्यालय परिसर के गोल्डन सिटी अभियान के तहत गोल्डन कलर करवाया गया। यह राशि सभी कर्मचारियों ने आपस में एकत्रित की। भामाशाहों का भी सहयोग लिया जा रहा है। सीबीईओ अशोक शर्मा ने बताया कि नवाचार सबसे पहले कार्यालय में किया गया है। पहले दिन बहुत खुशी हुई कि सीबीईओ कार्यालय के सभी कर्मचारी एक ही रंग की ड्रेस में नजर आए है। अब इच्छा है कि सरकारी स्कूलों का स्टाफ भी ड्रेस कोड में आए। जब बच्चे स्कूल में एक रंग की ड्रेस में आते हैं, अगर स्कूल का स्टाफ भी एक ही रंग की ड्रेस में आए तो स्कूल का अनुशासन सुधरेगा और बच्चे भी ज्यादा अनुशासित होंगे। वे सभी संस्था प्रधानों से स्टाफ के लिए ड्रेस कोड लागू करने की अपील की है।
