और पांच साल पूरा होते ही सपा को कृष्ण, राम और महादेव दिखने लगेंगे: सिद्धार्थ

0

-मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को हवा मिलने से विपक्ष में घबराहट
लखनऊ, 4 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट सुनाई देने के साथ ही राजनीतिक दलों में जुबानी जंग तेज हो गयी है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप- प्रत्यारोपों का दौर जारी है। कभी भाजपा सपा की चुटकी लेती है, तो कभी सपा भाजपा की। योगी सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने मंगलवार को अखिलेश यादव पर चुटकी लेते हुए ट्वीटर कर लिखा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के पांच साल का एक और कार्यकाल पूरा करते ही सपा को भगवान राम और कृष्ण के साथ ही महादेव भी दिखाई देने लगेंगे।
उत्तर प्रदेश में चुनाव नजदीक होने के साथ, राजनीतिक दल जनता के पास असली हिन्दू होने का प्रमाणपत्र लेकर जाने की जद्दोजहद में जुट गये हैं। सपा के साथ कांग्रेस भी इस अभियान में दिखाई दे रही है। दोनों दलों में भाजपा से बड़ा हिन्दू होने की प्रतिस्पर्धा है।
चुनाव के दौर में अखिलेश यादव के सपने में भगवान कृष्ण के आने की बात इसलिए की जाने लगी क्योंकि इस बार के विधानसभा चुनाव में मथुरा बड़ा मुद्दा माना जा रहा है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कृष्ण जन्मभूमि का जिक्र कर चुके हैं। इससे विपक्षियों की बेचैनी बढ़ गयी है। उन्हें लगता है कि यदि भाजपा ने कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को हवा दी तो इसका नुकसान विपक्ष को उठाना पड़ सकता है। योगी आदित्यनाथ के मथुरा से विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाओं ने इस मुद्दे को और भी धार देने का काम किया है।
योगी सरकार के वरिष्ठ मंत्री एवं प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि चलो अच्छा है कि अखिलेश यादव को बाबर और जिन्ना से फुर्सत मिली। अब उन्हें सपनों में ही सही, भगवान कृष्ण दिखने लगे हैं। सिद्धार्थनाथ ने आगे लिखा कि चिंता न करो, योगी जी के पांच साल और पूरे होते ही समाजवादी पार्टी को भगवान राम, कृष्ण के साथ ही महादेव भी दिखने लगेंगे।
दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) पर हमला बोला है। भाजपा उत्तर प्रदेश के ट्वीटर हैण्डल से कहा गया कि ऐसा कोई सगा नहीं जिसे बबुआ ने..। इस कहावत को पूरा करके देखा जाए तो भाजपा का साफ कहना है कि ऐसा कोई सगा नहीं बचा है जिसे सपा मुखिया ने ठगा न हो।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *