बिहार विधानसभा में लगे हर-हर महादेव और जयश्री राम के नारे

0

पटना, 10 मार्च (हि.स.)। पांच राज्यों के चुनावों के रुझानों के बाद चार राज्यों में भाजपा की सरकार बननी तय होने पर गुरुवार को बिहार विधानसभा में भाजपा विधायकों ने जश्न मनाया। रंग और गुलाल लगाकर भाजपा विधायकों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिलती जीत की खुशी मनाई। विधायकों ने विधानसभा के बाहर पहले ‘बम-बम काशी बोल रहा है, पूरा भारत डोल रहा है के नारे लगाए।’

इसके बाद सदन के भीतर जाकर भी हरिभूषण ठाकुर बचौल ने ‘महादेव’ का जय घोष किया। इसके बाद भाजपा के तमाम विधायकों ने एक साथ मिल कर ‘हर हर महादेव’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए। सदन के भीतर भाजपा विधायकों के ‘जय श्री राम’ और ‘हर हर महादेव’ का विरोध राजद ने किया। राजद के विधायक कुमार सर्वजीत ने सदन के बीच में खड़े होकर स्पीकर से आग्रह किया कि सदन के भीतर आसन की जगह भोलेनाथ का मंदिर ही बनवा दिया जाए।

उन्होंने जय श्रीराम का विरोध करते हुए कहा कि सदन में जयश्री राम और हर हर महादेव की क्या जरूरत है। यदि ऐसा है तो सदन के भीतर ही महादेव का मंदिर बना देना चाहिए। इस पर अध्यक्ष ने मामले को संभालते हुए कहा कि ‘हर मन में मंदिर है, उसे स्वीकार कीजिए।’ पत्रकारों से बातचीत में विधायकों ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने फिर से रामराज को चुना है। यह जनता के विश्वास, सम्मान एवं स्वाभिमान की जीत है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *