भाजपा प्रत्याशी से 15 हजार से पीछे चल रहे स्वामी प्रसाद मौर्या

0

-भाजपा छोड़ सपा में शामिल हुए थे स्वामी प्रसाद मौर्य
कुशीनगर, 10 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी छोड़कर सपा में शामिल होने वाले योगी सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य चुनाव हारने की कगार पर पहुंच गये हैं। कुशीनगर की फाजिल नगर सीट से चुनाव लड़ने वाले स्वामी 15 हजार मतों से पीछे चल रहे हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में कुशीनगर की फाजिलनगर सीट सर्वाधिक चर्चा में है। इस सीट पर स्वामी प्रसाद मौर्य सपा के उम्मीदवार हैं। यूपी के गैर यादव पिछड़े वर्ग के वोटरों में खास प्रभाव रखने का दावा करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने ऐन चुनाव के पहले भाजपा का दामन छोड़ सपा का साथ पकड़ा था। भाजपा का साथ छोड़ते वक्त उन्होंने कहा था कि जहां मै जाता हूं, वहीं विजय होती है। आज वह अपनी सीट भी हारते हुए दिखाई दे रहे हैं।
स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ दारा सिंह चौहान और धरम सिंह सैनी के योगी सरकार से अलग होकर सपा में जाने से राजनीतिक गलियारों में भाजपा के कमजोर होने की चर्चा होने लगी। भाजपा डैमेज कंट्रोल में जुट गयी। भाजपा को कांग्रेस के कद्दावर नेता आरपीएन सिंह का साथ मिला तो पडरौना सीट से तैयारी कर रहे स्वामी अचानक अपनी सीट बदल कर फाजिलनगर पहुंच गए। फिलहाल, फाजिलनगर में स्वामी प्रसाद मौर्या को भाजपा के सुरेन्द्र कुशवाहा से कांटे की टक्कर मिल रही है। स्वामी प्रसाद के बड़े-बड़े दावों ने क्षेत्र में भाजपा और सपा को एक ही पलड़े में ला खड़ा किया था। यहां तक कि राजनैतिक पंडितों ने भी भाजपा-सपा में कांटे की टक्कर की भविष्यवाणी करने लगे थे। अब शुरुआती चुनावी मतगणना के आंकड़ों ने स्थिति को स्पष्ट करना शुरू कर दिया है। फाजिलनगर में स्वामी प्रसाद मौर्य भाजपा से पीछे चल रहे हैं। यह अंतर 15 हजार से अधिक का है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *