उत्तराखंड : विस चुनाव रुझानों में दिख रहे हैं कई बड़े उलटफेर

0

देहरादून, 10 मार्च (हि.स.)। चुनाव आयोग से मिले रुझानों के अनुसार उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में अब कई बड़े उलटफेर देखने को मिल रहे हैं। हालांकि अभी ये बहुत शुरुआती रुझान हैं, लेकिन इस रुझान में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बड़े अंतर से पीछे चल रहे हैं। उनकी पुत्री अनुपमा रावत भी अपने प्रतिद्वंदी से अभी तक पीछे हैं।
इन शुरुआती रुझानों के साथ-साथ इनका दोनों का अपने प्रतिद्वंदियों से अंतर बढ़ता जा रहा है। हरीश रावत लालकुआं से करीब साढ़े सात हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट 14 हजार से ज्यादा वोट लेकर एक नंबर पर बने हुए हैं। कुछ समय पहले यह अंतर मात्र 1700 वोटों का था।
जबकि उनकी पुत्री अनुपमा रावत हरिद्वार ग्रामीण से 1600 वोटों से पीछे हैं। यहां कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेता स्वामी यतीश्वरानंद पहले राउंड से आगे चल रहे हैं। इन दोनों सीट पर अब तक के दिलचस्प आंकड़े यह बताते हैं कि दोनों स्थान पर मुकाबला आमने-सामने का है। यहां मुकाबला त्रिकोणीय नहीं है, जिसका लाभ भाजपा का हो रहा हो।
कांग्रेस के दिग्गज नेता यशपाल आर्य भी अपने बाजपुर सीट पीछे चल रहे हैं। आर्य करीब 3 हजार वोट से पीछे हैं। उनके सामने भाजपा के राजेश कुमार हैं। वे आगे चल रहे हैं। यहां आम आदमी पार्टी की सुनीता टम्टा तीसरे नंबर पर हैं। यशपाल आर्य के बेटे और नैनीताल से विधायक संजीव आर्य भी पीछे हैं। वे करीब 1400 वोटों से पीछे चल हैं।
उत्तरकाशी जिले के गंगोत्री सीट पर आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरा कर्नल अजय कोठियाल भी पीछे चल रहे हैं। इस सीट पर अभी तक करीब ढाई हजार वोटों की गिनती हुई है। इसमें कर्नल कोठियाल को केवल 178 वोट ही मिले हैं। यहां भी भाजपा के सुरेश चौहान बढ़त बनाएं हुए हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *