रायपुर : पुरानी पेंशन बहाली पर कर्मचारी संघ में जबरदस्त उत्साह

0

रायपुर, 9 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा विधानसभा में बजट प्रस्तुत करते समय पुरानी पेंशन बहाल करने पर कर्मचारी संघों में जबरदस्त उत्साह है।कर्मचारी एवं अधिकारियों के लिए मुख्यमंत्री की यह घोषणा होली और दीवाली जैसी खुशियां लेकर आया है । कर्मचारी संघों ने पटाखे जलाकर, एक दूसरे को गुलाल में रंगकर तथा मिठाईयां खिलाकर अपनी खुशियां जाहिर की हैं।

इस घोषणा के बाद कर्मचारी संघों के द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पेंशन पुरुष और न्याय पुरूष जैसे शब्दों से नवाजा जा रहा है।

उत्साह का आलम यह है कि कर्मचारी संघों के कई सदस्य मुख्यमंत्री का अभिवादन करने तत्काल विधानसभा जा पहुंचे। विधानसभा पहुंचकर सर्व शिक्षक संघ के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और पुरानी पेंशन बहाली पर उन्हें धन्यवाद दिया। सर्व शिक्षक संघ के विवेक दुबे ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपने हमारा और हमारे परिवार का भविष्य सुरक्षित कर दिया है इसके लिए हम आपके आजीवन आभारी रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने भी कर्मचारी संघ के सदस्यों से कहा कि सरकार हमेशा कर्मचारियों और उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील है।

इस मौके पर छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के मुख्य प्रवक्ता तथा छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश के शासकीय सेवकों की लंबे समय से की जा रही मांग को पूरा किया है।

श्री झा ने मुख्यमंत्री को प्रदेश का पेंशन पुरूष कहा। उन्होंने यह भी कहा कि पेंशन शासकीय सेवक की बुढापे का सहारा है और मुख्यमंत्री ने इसे लागू कर प्रदेश के सभी शासकीय सेवकों को बुढापे की लाठी दे दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शासकीय सेवकों के मान सम्मान और स्वाभिमान की मांग को पूरा करने के लिए सभी अधिकारी कर्मचारी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *