जानकारी के अभाव में लोग नहीं लेते सरकारी योजनाओं का लाभ : दिलीप सैकिया

0

बिशुनपुर में संसदीय संकुल विकास परियोजना अध्ययन अनुभूति कार्यशाला का शुभारंभ

गुमला,8 फरवरी ( हि.स.) । भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के संसदीय संकुल विकास परियोजना अध्ययन अनुभूति का दो दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन मंगलवार को हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह राष्ट्रीय प्रभारी अनुसूचित जनजाति मोर्चा दिलीप सैकिया ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत देश में जनजातियों का बहुत बड़ी जनसंख्या है, जिसका अब तक विकास नहीं हो पाया है। जागरूकता के अभाव में लोग सरकार के द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते है। इस कारण वैसे लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर लाभ दिलाना है।जनजातियों की आर्थिक उन्नति बढ़ाने का लक्ष्य

उन्होंने कहा कि जनजातियों का आर्थिक उन्नति को बढ़ावा देने एवं पलायन को रोकने के लिए भारत सरकार के द्वारा संसदीय संकुल विकास परियोजना का गठन किया गया है। इस परियोजना के तहत जनजातीय क्षेत्रों में पाए जाने वाले स्थानीय संसाधनों के आधार पर उन्हें रोजगार मुहैया कराया जाएगा ताकि पलायन को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि बिशुनपुर एक पठारी क्षेत्र है,जहां कई प्रकार के वन उत्पाद पाए जाते हैं वन उत्पाद पर ही आधारित रोजगार लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पूर्व अतिथियों के द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया।

मौके पर मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि संसदीय संकुल विकास परियोजना के तहत झारखंड,उड़ीसा,छतीसगढ़,मध्यप्रदेश व बंगाल के संकुल सहयोगियों के द्वारा इस जनजातीय क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्यों का अवलोकन कर प्रत्यक्ष अनुभूति प्राप्त करना है। रोजगार के अवसरों का सृजन, पलायन पर अंकुश लगाना,वनोत्पाद को प्रोत्साहन करने,कृषि से प्राप्त वस्तुओं के आधार पर लोगों की आर्थिक स्थिति को सुधारने आदि विषयों पर लोग अध्ययन करेंगे। इन विषयों पर मनन-मंथन किया जाएगा। इसके बाद उपयोगी सुझाव सामने आएंगे। कार्यक्रम में सांसद सुदर्शन भगत ,गजानन डागें राष्ट्रीय मार्गदर्शक सदस्य संकुल परियोजना डा. सुरेर सिंह सोलंकी, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर उरांव, भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहु, बिन्देश्वर साहु, वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय पदाधिकारी, विकास भारती के संयुक्त सचिव महेन्द्र भगत, मोर्चा के जिला अध्यक्ष देवेंद्र लाल उरांव सहित 50 की संख्या में प्रतिनिधि उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *