हवन-पूजन के बाद हुआ बिरसा शिशु मंदिर सालेहातु के नये कक्ष का उद्घाटन

0

खूंटी, 8 मार्च (हि.स.)। पद्मभूषण कड़िया मुंडा ने कहा कि सामाजिक कार्यों को अकेले कोई व्यक्ति नहीं कर सकता है, व्यक्ति तो मात्र निमित्त होता है। हर व्यक्ति अपने सामथ्र्य के अनुसार योगदान दे, तो बड़ा से कड़ा काम हो सकता है। कड़िया मुंडा मंगलवार को समाजसेवी आलोक गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी के साथ मुरहू प्रखंड के सालेहातु स्थित बिरसा शिशु मंदिर के नये कक्षा भवन राधेश्याम गायत्री कक्ष का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे।

रामसेतु के निर्माण में गिलहरी के योगदान का उद्धरण देते हुए लोकसभा के पूर्व उपाध्यक्ष मुंडा ने कहा कि सामाजिक कार्यों में हर व्यक्ति को कुछ न कुछ सहयोग अवश्य करना चाहिए, तभी समाज आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि जब भगवान राम लंका विजय के लिए सेतु का निर्माण कर रहे थे, तो वहां हर कोई अपनी शक्ति के अनुसार योगदान दे रहा था। वहां एक गिलहरी भी काम को देख कर सोच रही थी कि वह भगवान राम की किस तरह सहायता कर सकती है, क्योंकि वह बहुत छोटी थी। बाद में वह गिलहरी समुद्र में घुसकर रेत में आती, तो रेत उसके शरीर पर लटक जाती और गिलहरी समुद्र में जाकर रेत को झाड़ देती।

कड़िया मुंडा ने कहा कि समाज और देश के विकास में हमेशा सहयोग करना चाहिए, खासकर विद्यालय आदि के निर्माण में तो समाज के लोगों को हमेशा आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे धर्मग्रंथों में जैसे मंत्र दिये गये हैं, उनका ही पालन हम करें, तो हमारा जीवन सफल हो जायेगा। उन्होंने कहा कि जब हम ठीक रहेंगे, तो परिवार और समाज ठीक रहेगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुंडा ने कहा कि हमें मनुष्य की तरह ही नहीं, बल्कि मनुष्य बनकर जीना चाहिए। मनुष्य बनकर जीने का तात्पर्य परोपकार का जीवन है।

मौके पर दानदाता आलोक गुप्ता ने कहा कि उनके पिता राधेश्याम गुप्ता हमेश जनजातीय क्षेंत्रों के विकास में लगे रहे। उन्होंने कहा कि सुदूर जनजातीय इलाके में इसक तरह के कार्यों को देखकर काफी प्रसन्नता होती है। उन्होंने कहा उनका भी प्रयास रहेगा कि वे जनजातीय समाज के विकास में योगदान देते रहे। इसके पूर्व झारखंड राज्य आर्य समाज द्वारा पूजन और हवन का आयोजन किया गया। सभी धार्मिक अनुष्ठान आचार्य वासुदेव शास्त्री और वरूणेंद्र शास्त्री ने संपन्न कराये। कक्ष के निर्माण में समाजसेवी आलोक गुप्ता, संजय गुप्ता, परागन फाइनेंस, मदन मोहन मिश्रा, संजय साहू, तुलसी गुप्ता, मदन गुप्ता, प्रमोद सिंह आदि ने योगदान दिया है।

कार्यक्रम में समाजसेवी और प्रख्यात चिकित्सक डॉ एचपी नारायण, मुनीनाथ मिश्रा, जिला सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संजय साहू, सुदामा मिश्रा, आनंद राम, छोटराय मुंडा, बबलू ठाकुर और प्राचार्य सुभाषचंद्र दुबे के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण और विद्यार्थी मौजूद थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *