राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका अहम: मुख्यमंत्री

0

गंगटोक, 08 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को आधी आबादी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सरकार महिलाओं को समाज में उचित स्थान दिलाने के लिए संकल्पबद्ध है।
मुख्यमंत्री तमांग ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर सिक्किम सहित दुनिया भर की महिलाओं को शुभकामनाएं दीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि परिवार, समुदाय, समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए आज का दिन महिला सशक्तिकरण की नीतियों और कार्यक्रमों को तेज करने का संकल्प लेने का है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं न केवल एक मां, बहन और बेटी के रूप में बल्कि समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक कार्यों में महिलाओं की भागीदारी का मूल्य तथा महिलाओं और पुरुषों का समान योगदान एक मजबूत राष्ट्र की निशानी है। लैंगिक समानता और सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए सरकार की हर नीति महिला केंद्रित है और सिक्किम की महिलाओं की विश्वव्यापी उपलब्धियां समावेशी शासन की इस दृष्टि और नीति की पुष्टि करती हैं।
मुख्यमंत्री तमांग ने कहा है कि राज्य सरकार ने हाल ही में महिलाओं के जीवनस्तर को और बेहतर बनाने के लिए मां और बहन जैसी योजनाओं की अवधारणा की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि 22 अक्टूबर, 2021 को महिला एवं बाल विकास विभाग का गठन राज्य सरकार द्वारा हर क्षेत्र में महिलाओं के विकास और सुरक्षा को सुनिश्चित करने का एक प्रयास को दर्शाता है। उन्होंने महिलाओं के निरंतर उत्थान के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सभी से इस अभियान में फिर से समर्पित करने और योगदान देने की भी अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *