सड़क मार्ग से होगी ईस्ट-वेस्ट कनेक्टीविटी:दुष्यंत चौटाला

0

चंडीगढ़, 7 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में सड़कों के माध्यम से राज्य की ईस्ट से वेस्ट तक सीधी कनेक्टीविटी की जा रही है ताकि प्रदेश में यातायात सुगम हो और लोगों को सुविधा हो। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को विधान सभा में दी।
उन्होंने बताया कि वह पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे। उस दौरान प्रदेश की सड़कों से सम्बंधित विभिन्न परियोजनाओं को पूरा करने व नई परियोजनाएं शुरू करने के बारे में विस्तार से चर्चा हुई थी।
डिप्टी सीएम, जिनके पास लोक निर्माण विभाग का प्रभार भी है, आज हरियाणा विधानसभा के बजट-सत्र के प्रश्नकाल के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। दुष्यंत चौटाला ने बताया कि हिसार-तोशाम-रेवाड़ी सड़क परियोजना को हाइब्रिड वार्षिकी मोड के तहत शुरू करने की सरकार ने 4 मई 2021 को सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है।
महेंद्रगढ़ से रेवाड़ी वाया कनीना तक की सड़क भी उक्त परियोजना का हिस्सा है। इसकी डीपीआर तैयार करने के लिए सलाहकार की नियुक्ति की जा रही है। ऐसे में इस कार्य के क्रियान्वयन के लिए प्रशासनिक स्वीकृति की व्यवस्था सरकार द्वारा नियत समय में कर दी जाएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि चरखी दादरी-महेंद्रगढ़ रोड़ का कार्य अलॉट हो चुका है। जल्द ही इसको पूरा कर दिया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने सदन के एक अन्य सदस्य द्वारा पूछे गए सवाल का उत्तर देते हुए अवगत करवाया कि वैसे तो हांसी से गांव उमरा तक व गांव उमरा से कंवारी गांव तक सड़क की अच्छी हालत होने की रिपोर्ट आई है। अगर इससे संतुष्ट नहीं हैं तो पुन: इन सड़कों की रिपोर्ट मंगवा लेते हैं ताकि उसके अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *