लॉकेट चटर्जी ने की भाजपा के नाराज नेताओं संग गुप्त बैठक

0

कोलकाता, 07 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल भाजपा की बहुचर्चित सांसद लॉकेट चटर्जी का भी पार्टी से मोहभंग होता दिख रहा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष और वर्तमान अध्यक्ष सुकांत मजूमदार के साथ जुबानी जंग के बाद अब खबर है कि उन्होंने पार्टी से निष्कासित नेताओं के साथ गोपनीय बैठक की है।

सूत्रों ने बताया है कि सोमवार को उन्होंने पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार और रितेश तिवारी के साथ बैठक की है। पार्टी विरोधी बयानबाजी की वजह से इन दोनों नेताओं को प्रदेश भाजपा ने पहले ही निष्कासित कर दिया है। खबर है कि इस बैठक में पार्टी से नाराज चल रहे सायंतन बसु और राजू बनर्जी भी उपस्थित थे। हालांकि इन चारों नेताओं से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन किसी ने भी इस बारे में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बैठक के बारे में आधिकारिक जानकारी भी फिलहाल उजागर नहीं की गई है लेकिन विश्वस्त सूत्रों ने बताया है कि वर्तमान प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ कार्यकर्ताओं के अंदर बढ़ रही नाराजगी को लेकर चारों नेताओं ने बात की है। इसके अलावा इनके पार्टी बदलने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। खबर है कि तृणमूल कांग्रेस के संपर्क में चारों नेता हैं और बहुत हद तक संभव है कि जल्द ही भाजपा का दामन छोड़कर तृणमूल में शामिल हो जाएं।

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद भारतीय जनता पार्टी के कई बड़े नेताओं ने पार्टी छोड़ दी है और तृणमूल की सदस्यता ली है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *