उत्तर प्रदेश में नहीं लौटने वाला गुंडों का राज: स्मृति ईरानी

0

– लक्ष्मी सिर्फ कमल पर सवार होकर आती हैं, साइकिल व हाथी पर बैठकर नहीं
– चुनार क्षेत्र के परेड ग्राउंड पर चुनावी जनसभा को केंद्रीय मंत्री ने किया संबोधित
मीरजापुर, 05 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय महिला एवं बाल कल्याण मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को यहां कहा कि भाजपा का संघर्ष समाज की हर उस मां के लिए है, जिसकी बहू-बेटी की लाज बचाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने लाठी खाई है। वहीं सपा के नेता कहते हैं लड़के हैं लड़कों से गलती हो जाती है।
आज सपा के नेता कहते हैं कि उनकी सरकार आएगी तो वो अफसरों पर कार्रवाई करेंगे। लेकिन गुंडों का राज उत्तर प्रदेश में लौटकर नहीं आयेगा। सपा पर तंज कसते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि सपा ने राजनैतिक रोटी सेंकने के लिए लोगों में कोविड के टीके के लिए भ्रम फैलाना शूरू किया और बाद भी खुद भी टीका लगवाया।
केंद्रीय मंत्री चुनार के परेड ग्राउंड पर भाजपा प्रत्याशी अनुराग सिंह के समर्थन में जनसभा करने आई थी। जनपद के मेडिकल काॅलेज का जिक्र करते हुए कहा कि मां विंध्यवासिनी के चरणों में सरस्वती का आशीर्वाद जनपद की बेटियों और बेटों को मोदी सरकार में मिला है। सपा के नेता भगवा रंग को जंग का रंग कहते हैं। सपा को पहले से ही भगवा रंग नापसंद था। इसका प्रमाण सपा सरकार ने 2015 में संतों पर लाठीचार्ज कर पहले ही दे चुकी है।
अपील किया कि अनुराग ठाकुर के मित्र अनुराग सिंह को दोबारा विधायक बनाकर विधानसभा में भेंजेंगे तभी चुनार का विकास होगा। चुनार गंगा पुल के लिए कहा कि त्रेता में श्रीराम को 14 साल का और चुनार के पुल को 13 साल का वनवास सपा-बसपा सरकार में था। कोरोना के दौरान मीरजापुर में साढ़े चार लाख परिवारों को मुफ्त राशन देकर नरेंद्र मोदी ने बेटे होने का कर्ज अदा किया है। उन्होंने सेवक होने का फर्ज अदा किया। मां लक्ष्मी सपा की साइकिल पर या बसपा के हाथी पर सवार होकर नहीं आती और न ही गांधी खानदान का हाथ पकड़ कर आती। लक्ष्मी आती है तो कमल पर बैठकर।
इसके पूर्व विधायक अनुराग सिंह ने स्मृति ईरानी व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का स्वागत अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर किया। संचालन भाजपा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष दिलीप सिंह ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, प्रमुख नरायनपुर चंद्रप्रकाश सिंह, सीखड़ छत्रपति सत्येंद्र कुमार सिंह, प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी, युवा मोर्चा की पूजा कपिल मिश्रा, अलीगढ़ अध्यक्ष ऋषिपाल सिंह, हरिशंकर सिंह, पंकज अग्रवाल, डा. अनिल सिंह, ई. आरबी सिंह आदि रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *