यूक्रेन से विद्यार्थियों को सुरक्षित निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता : डिप्टी स्पीकर

0

हिसार, 04 मार्च (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने कहा है कि यूक्रेन से विद्यार्थियों की सुरक्षित वापसी केंद्र व प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में सभी जरूरी कदम उठाएं जा रहे हैं। अभी तक बहुत से छात्र वापस आ चुके हैं और वहां रह रहे छात्रों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं विभिन्न गांवों के छात्रों से संपर्क में हैं और उनसे लगातार बातचीत की जा रही हैं।
डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को बताया कि कैमरी रोड स्थित पालिका विहार कॉलोनी के रहने वाले अमरदीप पुत्र सत्यवान सुरक्षित हिसार पहुंच चुके हैं। इसी प्रकार से पनिहार चक के रहने वाले नवनीत तथा नलवा की रहने वाली सालिका की भी सुरक्षित वापसी हो चुकी है। आजाद नगर की साकेत कॉलोनी निवासी लक्ष्य पुत्र जयपाल वीरवार सांयकाल को वापस आ चुके हैं।
गांव आर्यनगर के रहने वाले विकास पुत्र रत्नलाल को सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया गया है और जल्द ही उनका टोकन बनने के बाद भारत के लिए फ्लाइट मिल जाएगी। इसी प्रकार से आजाद नगर की गीता कॉलोनी की रहने वाली गरिमा पुत्री अशोक कुमार भी सुरक्षित स्थल पर हैं और वे भी जल्द वापस आएंगी। गांव पनिहार चक के रहने वाले विक्रम सिंह पुत्र बीर सिंह भी अगले एक-दो दिन में वापस लौट आएंगे। उन्होंने बताया कि गांव गंगवा के रहने वाले अमित पुत्र लक्खी राम की फ्लाइट का टोकन कट चुका है और वे पांच मार्च को वहां से भारत के लिए रवाना होंगे।
इसी प्रकार से सुंडावास गांव के रहने वाले अंकित पुत्र सुरेश फिल्हाल रोमानिया में हैं, जिनकी तबीयत खराब है, उन्हें दवा उपलब्ध नही हो पा रही थी। एंबेसी से बात कर उन्हें दवा उपलब्ध करवा दी गई है। सुरक्षित वापस लौट चुके छात्रों ने केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार द्वारा किए गए प्रबंधों के लिए धन्यवाद दिया है। इन छात्रों से उनके पुत्र संजीव गंगवा ने इनके घरों पर जाकर मुलाकात की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *