अधीर के गढ़ में तृणमूल ने गाड़ा झंडा, बहरमपुर नगर पालिका पर जमाया पहली बार कब्जा

0

कोलकाता, 02 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस के धाकड़ नेता अधीर रंजन चौधरी के गढ़ में भी नगर पालिका चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने परचम लहरा दिया है। मुर्शिदाबाद की बहरमपुर नगरपालिका पर पहली बार सत्तारूढ़ पार्टी का कब्जा हुआ है। इसे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। बुधवार को नगर पालिका चुनाव की मतगणना पूरा होने के बाद पता चला है कि इस नगर पालिका में 28 में से 22 वार्डों में तृणमूल कांग्रेस की जीत हुई है। बाकी छह वार्डों में कांग्रेस के पार्षद जीते हैं।
इस बारे में प्रतिक्रिया के लिए जब अधीर रंजन चौधरी से संपर्क किया गया तो उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर हिंसा के जरिए जीत का आरोप लगाते हुए कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस तो सभी 28 वार्डों में जीत रही थी लेकिन कांग्रेस के जो छह पार्षद जीते हैं उनका प्रदर्शन एवरेस्ट पर बिना ऑक्सीजन के चढ़ने जैसा है। इसके पहले नगर पालिका चुनाव में बहरमपुर में 26 वार्डों में कांग्रेस का कब्जा था जबकि केवल दो वार्ड तृणमूल कांग्रेस जीत सकी थी। इस बार तस्वीर पूरी तरह से बदल चुकी है।
इतना ही नहीं मुर्शिदाबाद की बाकी नगर पालिकाओं जैसे धुलियान, जंगीपुर, जियागंज, अजीमगंज, कांदी और मुर्शिदाबाद नगरपालिका पर भी तृणमूल कांग्रेस का कब्जा हुआ है। धुलियान में 21 वार्डों में बेलडांगा में त्रिशंकु स्थिति बन गई है। यहां 14 वार्डों में से सात वार्डों में तृणमूल, तीन पर भाजपा और चार पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई है।
उल्लेखनीय है कि चुनाव वाले दिन भी लोकसभा में कांग्रेस के नेता और प्रदेश अध्यक्ष निरंजन चौधरी पर हमले की कोशिश हुई थी जिसे लेकर उन्होंने अध्यक्ष ओम बिरला को भी पत्र लिखा था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *