पोलियो यहां समाप्त हो चुका है लेकिन अभी भी सावधानी जरूरी : अरुण सिंह

0

रांची, 27 फरवरी (हि. स.)। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने कहा कि पोलियो यहां समाप्त हो चुका है। लेकिन अभी भी सावधानी जरूरी है। अरुण सिंह रविवार को सदर अस्पताल में तीन दिवसीय पल्स पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि यह अभियान एक मार्च तक चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत शून्य से पांच साल के 509133 बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाया जाएगा। उन्होंने मधुकम के चार माह के एक बच्चे को ड्रॉप पिला कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि ये चक्र चलता रहेगा।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार ने कहा कि 100 प्रतिशत बच्चों को पोलियो का खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है। झारखंड से पोलियो खत्म हो चुका है। लेकिन अफगानिस्तान और पाकिस्तान में पोलियो से ग्रसित बच्चे हैं। ऐसे में एहतियातन भारत में पोलियो खत्म होने के बावजूद भी साल में एक बार नेशनल इम्यूनाइजेशन डे मनाया जाता है और इसी के तहत पोलियो अभियान चलाया जाता है। 28 फरवरी और एक मार्च को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारे पास पर्याप्त मात्रा में कार्य बल है और लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार प्रसार का काम भी चला रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *