प्रधानमंत्री की सभा में कार्यकर्ताओं का सैलाब, मोदी-मोदी के नारे गुंजायमान
वाराणसी, 27 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में रविवार को यहां आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में अपने सांसद और प्रधानमंत्री से संवाद के लिए कार्यकर्ता सुबह से ही गाजे-बाजे के साथ नारेबाजी करते हुए पहुंचने लगे। अपराह्न एक बजते-बजते कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम स्थल तथा इस ओर जाने वाले मार्ग पर मोदी-मोदी, जयश्रीराम के गगनभेदी नारे गूंजते रहे। कार्यकर्ता पार्टी का ध्वज लहराते उत्साह से नाचते-गाते प्रधानमंत्री के प्रति अपना आदर और प्रेम दिखाते रहे।
प्रधानमंत्री मोदी बूथ विजय सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव में जीत का मंत्र देंगे। कार्यक्रम में आठों विधानसभा सीटों के 3361 बूथों के 20,166 बूथ पदाधिकारी शामिल हैं। भाजपा के स्थानीय जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने बताया कि प्रधानमंत्री निचली और महत्वपूर्ण इकाई बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से अक्सर संवाद करते हैं और उनको ऊर्जा देने का कार्य करते हैं। प्रधानमंत्री का ये अंदाज कार्यकर्ताओं को उत्साह से भर देता है।