भाकपा माओवादी के पांच लाख के इनामी दो नक्सली गिरफ्तार, हथियार बरामद

0

रांची, 26 फरवरी (हि.स.)। झारखंड पुलिस ने भाकपा माओवादी संगठन के पांच-पांच लाख के इनामी दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सलियों में सब-जोनल कमांडर सुदर्शन भुईंया उर्फ नंद किशोर भारती और सब-जोनल कमांडर बालक गंझु शामिल हैं।

सुदर्शन की गिरफ्तारी पलामू जिले के तरहसी थाना के सिलदलिया से हुई है, जबकि बालक की गिरफ्तारी बालुमाथ थाना क्षेत्र के देवबार से हुई है। सुदर्शन पर 57 मामले दर्ज है, जबकि बालक पर 25 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इलाके में सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाए गए हथियारों का जखीरा बरामद किया है। इसमें 24 आधुनिक हथियार व गोलियां मिली हैं। इन हथियारों को लोहरदगा जिले के सुदूरवर्ती जोबांग थाना क्षेत्र के हरकट्ठा जंगल से बरामद किया गया। इन हथियारों को जमीन के अंदर छिपाकर रखा था। इसमें एलएमजी, अमेरिकन ऑटोमेटिक राइफल, इंसास तथा सेमी ऑटोमेटिक राइफल सहित अन्य हथियार शामिल हैं।

झारखंड पुलिस के प्रवक्ता सह आईजी अभियान एवी होमकर ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र अंतर्गत अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र बुलबुल जंगल में पुलिस की ओर से नक्सलियों के खिलाफ 17 दिनों से अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिल रही है, जबकि नक्सलियों को भारी क्षति उठाना पड़ा है। इसी दौरान झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए पांच लाख के दो इनामी नक्सली बालक गंझू व सुदर्शन भुइयां को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही सर्च अभियान के दौरान लोहरदगा के हरकट्टा जंगल से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद किया है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में रांची जोनल आईजी पंकज कंबोज, डीआईजी एसटीएफ अनूप बिरथरे, लोहरदगा एसपी, लातेहार एसपी और सीआरपीएफ के अधिकारी उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *