रूस के हमले से दहशत, भूमिगत स्थलों पर शरण लेने को मजबूर भयभीत परिवार

0

-अमीन अवाद बने यूक्रेन के लिए संयुक्त राष्ट्र संकट संयोजक

-तात्कालिक सहायता के लिए संयुक्त राष्ट्र ने दिए दो करोड़ डॉलर

कीव, 26 फरवरी (हि.स.)। यूक्रेन पर रूस के हमले से राजधानी कीव सहित देश के अन्य शहरों में दहशत का माहौल बना हुआ है। भयभीत परिवार भूमिगत स्थलों पर शरण लेने के लिए मजबूर हैं। एक लाख से अधिक लोगों के पलायन के बाद संयुक्त राष्ट्र संघ ने अमीन अवाद को यूक्रेन के लिए समर्पित संकट संयोजक नियुक्त किया है।

यूरोप और मध्य एशिया में संयुक्त राष्ट्र बाल कोष की क्षेत्रीय निदेशक अफशां खान ने बताया कि रूस के विशेष सैन्य अभियान में यूक्रेन की राजधानी कीव और अन्य शहरों में घातक मिसाइल हमलों से भयभीत परिवार भूमिगत स्थलों पर शरण लेने के लिए मजबूर हो गए हैं। हिंसा की वजह से अब तक एक लाख से अधिक लोगों के विस्थापन का शिकार होने की आशंका है। अफशां खान ने कहा कि कीव में बड़े हमले हुए हैं, जिनसे स्थानीय आबादी में बड़े पैमाने पर भय और अफ़रा-तफ़री का माहौल पैदा हो गया है। परिवार डरे हुए हैं और वे अपने बच्चों के साथ भूमिगत परिवहन साधनों (सबवे) एवं अन्य आश्रय स्थलों की ओर जा रहे हैं। यह देशभर में बच्चों के लिए भयावह समय है। संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिए दो करोड़ डॉलर देने का फैसला किया है। उन्होंने यूक्रेन में रूस की आक्रामक कार्रवाई के कारण तेजी से बढ़ती मानवीय जरूरतों, हताहत होते आम लोगों, एक लाख से अधिक विस्थापितों की मदद के लिए अमीन अवाद को यूक्रेन के लिए समर्पित संकट संयोजक नियुक्त किये जाने की घोषणा की है।अमीन अवाद संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता कार्यों का संयोजन करेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *