गलती से भी दूसरे दलों को वोट दिया तो नष्ट हो जाएंगे भाजपा के काम : हेमा मालिनी

0

बलिया, 25 फरवरी (हि. स.)। मथुरा की सांसद और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने सतीश चंद्र कॉलेज के मैदान में शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी दयाशंकर सिंह के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने मंच से शोले की बसन्ती बनकर दयाशंकर सिंह के लिए समर्थन मांगा।

हेमा मालिनी ने कहा कि यहां उमड़ा जनसैलाब देखकर कह सकती हूं कि भाजपा की तीन सौ सीटें पक्की हैं। कहा कि मोदी और योगी जिस तरह काम कर रहे हैं। आज तक कोई ऐसा नहीं किया। योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने में लगे हुए हैं। कहा कि चुनाव है तो सपा, बसपा, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल आएंगे और जनता को बहकायेंगे लेकिन बहकना नहीं है। आप भाजपा को वोट देंगे तो बच्चे कहेंगे कि हमारे माता पिता ने बहुत अच्छा निर्णय लिया है। इससे हमारा भविष्य सुधरेगा। यदि गलती से भी दूसरे दलों को वोट दे दिया तो इतने सालों से भाजपा जो काम कर रही है। वह सब नष्ट हो जाएगा।

याद दिलाया कि किस तरह उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी चल रहा था। जब मैं बाहर जाती थी तो लोग बोलते थे कि यूपी में जाने से डर लगता है। उद्योग लगाने से लोग डरते थे। डर, भय और भूख की स्थिति थी। उसको योगी जी ने आते ही खत्म किया। अब वही उद्योगपति आना चाहते हैं। आज सबको सुरक्षा मिल रही है। सुशासन चला रहे हैं। अब यूपी की पच्चीस करोड़ जनता के चेहरे पर खुशहाली की चमक है। योगी ने भ्रष्टाचार, अत्याचार और अपराधियों को खत्म किया। अभी और भी हैं, जिन्हें खत्म करना बाकी है। विकास की जो गंगा यूपी में बह रही है, उसमें कोई बाधा न आए इसलिए भाजपा को जिताना जरूरी है। महिलाओं की ओर इशारा करते हुए हेमा मालिनी बोलीं कि सबको घर और शौचालय मोदी-योगी की सरकार ने दिया है। प्रधानमंत्री मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया उनके कार्यों की सराहना कर रही है। रूस और यूक्रेन के बीच मोदी जी मध्यस्थता कर रहे हैं।

अपने सम्बोधन के दौरान हेमा मालिनी ने कहा, चल धन्नो आज तेरी बसंती का सवाल है। दयाशंकर को जरूर जिताना है। हेमा मालिनी ने यह भी कहा कि दयाशंकर को इतने वोटों से जिताओ कि बम्बई से मुझे मालूम चल जाये। अपने भाषण के दौरान हेमा मालिनी ने सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त को वंडरफुल आदमी बताया तो तालियां गूंज गईं।भाजपा प्रत्याशी दयाशंकर सिंह ने हेमा मालिनी का स्वागत करते हुए लोगों से अपील किया कि एक बार मौका दें, मैं बलिया को बम्बई बना दूंगा। इस अवसर पर सांसद वीरेन्द्र सिंह मस्त, वीरेन्द्र पाठक, भगवान पाठक, नागेन्द्र पांडेय आदि थे। संचालन संजय मिश्रा ने किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *