कोयले के अवैध कारोबार पर कसा शिकंजा, डीएफओ और एसडीओ ने की कार्रवाई

0

रामगढ़, 24 फरवरी (हि.स.)। जिले में कोयले के अवैध कारोबार पर पूरी तरीके से शिकंजा कसने की तैयारी चल रही है। डीसी माधवी मिश्रा ने यह साफ कर दिया है कि अवैध कारोबार किसी भी स्तर पर नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने पूरे जिले में 13 स्थानों पर चेक नाका लगा दिया है। इसके साथ ही तमाम अधिकारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। गुरुवार को डीसी माधवी मिश्रा ने बताया कि डीएफओ वेद प्रकाश कंबोज और एसडीओ मोहम्मद जावेद हुसैन ने संयुक्त रूप से जंगल के उन क्षेत्रों में कार्यवाही की जहां से अवैध खनन किया जा रहा था।
वन प्रमंडल पदाधिकारी वेद प्रकाश कंबोज एवं अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन द्वारा संयुक्त रुप से मांडू प्रखंड के फागू बेड़ा एवं नुनियागढ़ा क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध खनन पर रोक लगाने हेतु किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने फागू बेड़ा क्षेत्र में अवैध रूप से हो रहे कोयले के स्टॉक का निरीक्षण कर अधिकारियों को ट्रेंच काटने का निर्देश दिया। इसके अलावा अन्य उपाय करते हुए संबंधित क्षेत्र तक वाहनों के आवागमन को पूरी तरह से बंद करने तथा वहां अवैध मुहानों को बंद करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिया गया।
फागू बेड़ा क्षेत्र के उपरांत वन प्रमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा मांडू प्रखंड के ही नुनियागढ़ा क्षेत्र का निरीक्षण कर वहां अवैध मुहानों को बंद करने के तहत हो रहे कार्यों का जायजा लिया गया। मौके पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को अवैध मुहानों को अच्छी तरह से बंद करने एवं कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही वन प्रमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी के द्वारा अधिकारियों एवं कर्मियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर अवैध मुहानों की खोज करने एवं उन्हें बंद करने तथा अवैध खनन पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *