निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करें : रविन्द्र राजू

0

फतेहाबाद, 24 फरवरी (हि.स.)। आगामी निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में जिला के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की एक बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में मुख्य तौर पर भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री रविन्द्र राजू ने शिरकत की। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष बलदेव सिंह ग्रोहा ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन मंत्री रविन्द्र राजू ने कार्यकर्ताओं से कहा कि नगर परिषद चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए जुट जाएं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूती लाने के लिए कार्यकर्ता अगले तीन दिनों तक शक्ति केन्द्रों की बैठक आयोजित कर समीक्षा करें। यदि कोई कमी पाई जाती है तो उसे दूर करने का प्रयास करें।

रविन्द्र राजू ने कहा कि आज से ही सभी वार्डों में अपने-अपने स्तर पर लोगों से जनसम्पर्क बनाने में जुट जाएं। पन्ना प्रमुखों व त्रिदेव कार्यकर्ताओं को मजबूती पहुंचाने के लिए समीक्षा करें। भाजपा समर्थित पार्षद पद के उम्मीदवारों व चेयरमैन पद के उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आम नागरिकों से तालमेल बनाते हुए पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करें।

उन्होंने कहा कि आगामी 6 अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस भी कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ मनाएंगे। जिला का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने अपने घर पर पार्टी एक नया झंडा लगाकर पार्टी का स्थापना दिवस मनाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने प्रदेश में एक निष्ठ सेवा करते हुए विकास की गंगा बहाई है। भाजपा अब तक की सबसे ईमानदार सरकार साबित हुई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *