गहलोत सरकार के आईफोन को लौटाएंगे भाजपा के विधायक

0

जयपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश का बजट पेश करने के बाद अशोक गहलोत सरकार के सभी विधायकों को दिए गए आईफोन13 का तोहफा प्रतिपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने लौटाने का फैसला किया है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने देर रात एक ट्वीट कर यह जानकारी दी। डॉ़ पूनियां ने बुधवार रात अपने ट्वीट में लिखा कि इस संबंध में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उप नेता राजेंद्र राठौड़ सहित तमाम भाजपा विधायकों से चर्चा के बाद निश्चित हुआ है कि भारतीय जनता पार्टी के सभी विधायक राज्य सरकार पर पड़ने वाले वित्तीय भार को दृष्टिगत रखते हुए कांग्रेस सरकार के दिए गए आईफोन को वापस करेंगे।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा में बजट पेश करने के बाद सदन से जाते समय सभी विधायकों को ब्रीफकेस की जगह एक बैग और आईफोन 13 तोहफे के रूप में दिया था। अनुमान लगाया गया कि इस महंगे तोहफे पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का खर्च किया गया है। पूरी तरीके से पेपरलेस और अपडेटेड करने के लिए विधायकों को ऐसे गिफ्ट पहली बार नहीं बांटे गए हैं, इससे पहले भी गहलोत सरकार उन्हें एप्पल आईपैड और लैपटॉप जैसे महंगे गैजेट्स गिफ्ट कर चुकी है।


प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *