सपा की गुंडई से भावुक हुए एसपी बघेल, अखिलेश को दी चुनौती
-मेरी जमानत जब्त हुई तो वह थूकेंगे हम चाटेंगे, बच गयी तो मैं थुकूँगा उन्हें चाटना पड़ेगा: एसपी बघेल
लखनऊ, 21 फरवरी (हि. स.)। करहल में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रोफेसर एसपी बघेल सपा की गुंडई से भावुक हो गए। केंद्रीय मंत्री बघेल ने सोमवार को यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने कहा है कि बघेल की जमानत जब्त हो जाएगी। बघेल ने कहा कि 10 मार्च का इंतजार है। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि अगर 10 मार्च को मेरी जमानत जब्त हो जाएगी तो अखिलेश यादव थूकेंगे और मैं चाटूंगा। अगर मेरी जमानत बच जाती है तो मैं थूकूँगा और अखिलेश यादव को चाटना पड़ेगा।
मोदी सरकार में मंत्री प्रोफेसर एसपी बघेल ने कहा कि करहल में समाजवादी पार्टी के लोगों ने तांडव किया है। अखिलेश राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उसे भी उन्होंने छीना है। उन्होंने कहा मीडिया में खबरें चल रही थीं कि मैं मुलायम सिंह का सिक्योरिटी गार्ड था। कल पिस्टल जमा की और उनके बेटे के सामने चुनाव लड़ने उतर पड़ा। मैं बता देना चाहता हूं कि 29 साल पहले मैंने पुलिस की नौकरी छोड़ी है। मैं प्रोफेसर हुआ। तीन सदनों में रहा। जलेसर से तीन बार हैट्रिक लगाते हुए सांसद रहा। सपा ने कहा कि हमें जो छोड़कर जाता है, उसे जमीन में गाड़ देते हैं। उन्होंने जमीन में गाड़ने की बात कही, भाजपा ने मुझे आसमान में उठाने का काम किया है। इस समय वह बौखला गए हैं। वह कहते हैं कि हारती जनता पार्टी। यह भारतीय जनता पार्टी है। भारतीय को हारती कहना देश का भी अपमान है।
बघेल ने कहा कि अखिलेश ने नामांकन के दौरान छह दम्भ भारी घोषणाएं की थीं। अखिलेश ने कहा था कि मुझे अब करहल नहीं आना है। चौथे दिन ही आ गए। करहल में डिम्पल यादव, धर्मेंद्र यादव, उनके पिता, अक्षय यादव जैसे लोगों को कैम्प करना पड़ा। यह साबित करता है कि वह हार रहे थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने कहा कि बघेल की जमानत जब्त हो जाएगी। 10 मार्च के बाद देखेंगे। अगर मेरी जमानत जब्त हो जाएगी तो वह थूकेंगे, हम चाटेंगे और अगर मेरी जमानत जब्त नहीं हुई तो हम थूकेंगे और वह चाटेंगे।
अखिलेश ने कहा कि वह डेढ़ लाख से जीतेंगे। डेढ़ लाख से जीतने वाले पत्नी को मैदान में नहीं उतरता, बूढ़े पिता को नहीं उतरता, पूर्व सासंदों को मैदान में नहीं उतरता। बघेल नेबताया कि उत्तर प्रदेश और देश में कई गढ़ गिरे हैं। राहुल गांधी इस समय बेरोजगार हैं। डिम्पल यादव हारी हैं। बदायूं में मेरी भतीजी संघमित्रा मौर्य ने धर्मेंद्र यादव को हराया। फिरोजाबाद में मैंने उनके कुनबे को हराया है। उन्होंने इस अवसर पर भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी बघेल ने कहा कि हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के आधार पर काम करती है। आवास, शौचालय, आवास में भोजन, उनके बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था करने का काम हमारी सरकार ने किया है। सपा,बसपा में लोग घरों पर कब्जा करते थे। हमारी सरकार में 42 लाख आवास बनाकर गरीबों को दिया है।
कोरोना पहली दूसरी लहर में सरकार ने काम किया। इस दौरान निःशुल्क राशन मिल रहा है। करहल में लोगों से पूछा कि किसको वोट देंगे तो लोगों ने कहा कि जिसका खाएंगे, उसकी बजायेंगे। दूसरे लोग ने कहा कि जिसका नोन खाएंगे, उसको वोट देंगे। लोकतंत्र में दो बार गुंडई हुई। एक तो आपातकाल लगाया, दूसरा सैफई में हुई। कन्नौज में किसी को चुनाव नहीं लड़ने दिया। उसी कन्नौज में उनकी पत्नी डिंपल यादव को मेरा छोटा भाई सुब्रत पाठक 2019 में हराया है।
ढाई दशक पहले जब मैं सांसद बना तो पता चला कि एक व्यक्ति की भूख से मौत हुई। बहुत लोग मरते थे। आज मोदी योगी सरकार में ऐसा नहीं हो रहा है। तब देश कांग्रेस की सरकार थी।
बघेल ने कहा कि यूपी के ढाई करोड़ किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत छह हजार रुपये दिए जा रहे हैं। विधवा पेंशन से लेकर अन्य योजनाओं का लाभ सीधे उनके खाते में जा रहा है। 2014 में मोदी सरकार बनी तब 33 करोड़ लोग बैंक देखे ही नहीं थे। उनके खाते में खुलवाये गए। 10वीं क़िस्त देने के बावजूद हमे घर घर वोट मांगने के लिए जाना पड़ा है तो किसान सम्मान निधि कोई बन्द नहीं कर पायेगा। यब बढ़ाया ही जायेगा। पांच लाख रुपये तक आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों को मुफ्त इलाज की व्यवस्था दी गयी है।
