आतंकियों को सपा देती है संरक्षण, भाजपा दिलाती है सजा : जेपी नड्डा

0

सुलतानपुर, 19 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को चुनावी जनसभा में सपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा, आतंकियों को संरक्षण देती है। उनसे मुकदमें वापस लेती है, जबकि योगी सरकार आतंकियों को सजा दिलाने का काम करती है।

जेपी नड्डा ने नगर के खुर्शीद क्लब में आयोजित जनसभा में अखिलेश यादव और राहुल गांधी का जिक्र किए बिना कहा कि चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए सपा और कांग्रेस के कुछ नेता स्वच्छता का मजाक उड़ाते थे, जबकि डॉ. राममनोहर लोहिया ने 60 के दशक में चिंता जताई थी कि गांव की महिलाएं शौच के लिए बाहर जाती हैं। इस समस्या को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने समझा और गांव-गांव में इज्जतघर (शौचालय) दिया। उन्होंने भगवान कुश की नगरी को नमन करते हुए कहा कि यह महर्षि बाल्मीकि और दुर्वासा की तपस्थली भी रही है। उन्होंने कहा कि यह सुहेलदेव जैसे वीर क्रांतिकारियों की भी भूमि है। उन्होंने अपने भाषण में जिले के साहित्यकारों- रमाशंकर यादव विद्रोही, रामनरेश त्रिपाठी और त्रिलोचन शास्त्री का भी जिक्र कर उनको नमन किया।

नड्डा ने कहा कि जब नेतृत्व सही होगा तो जनता की दृष्टि भी सही होगी। भाजपा जो कहती है वह करती है। एक देश में दो विधान नहीं चलेगा। अनुच्छेद 370 को मोदी-शाह की जोड़ी ने समाप्त किया। उन्होंने तीन तलाक के मुद्दे पर कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि तलाक खत्म करिए, लेकिन सारे दल तुष्टीकरण में लगे रहे। भाजपा ने ही मुस्लिम बहनों के साथ न्याय किया। उन्होंने कहा कि आज 45 करोड़ जनधन खाते में बिना बिचौलियों के पैसा आ रहा है। गरीब सशक्त हुआ है। 18000 गांव में बिजली नहीं थी। 2012 के चुनाव में बुरा हाल था। ढाई करोड़ लोगों के घर बिजली पहुंचाई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *