फिरोजाबाद: सिरसागंज सीट पर टिकी सभी की निगाहें, सपा उम्मीदवार को टक्कर दे रहे मुलायम के समधी

0

फिरोजाबाद, 19 फरवरी (हि.स.)। जनपद की सिरसागंज विधानसभा सीट पर हार जीत को लेकर सभी की नजर टिकी है। वजह साफ है कि इस सीट पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह के समधी हरिओम यादव इस बार भगवा रथ पर सवार होकर सपा की साइकिल को टक्कर दे रहे है। जबकि सपा से सर्वेश यादव, बसपा से पंकज मिश्रा व कांग्रेस से प्रतिमा पाल चुनाव मैदान में ताल ठोंक रहे है।
जनपद की सिरसागंज विधानसभा सीट 2012 में अस्तित्व में आई थी। इस सीट पर वर्ष 2012 और 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में दोनों बार समाजवादी पार्टी से हरिओम यादव को जीत हासिल हुई। 2012 के चुनाव में हरिओम यादव ने बसपा उम्मीदवार अतुल प्रताप सिंह को 40 हजार वोट से शिकस्त दी थी। जबकि वर्ष 2017 के चुनाव में उन्होंने मोदी लहर में भी जीत हासिल कर भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह को दस हजार मतों के अंतर से हराया था।
यादव बाहुल्य इस सीट पर भाजपा से दो बार के विधायक रहे हरिओम यादव भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैं तो वहीं कभी उनके चुनावी रणनीतिकार रहे सर्वेश यादव को सपा ने मैदान में उतारा है। बसपा से पंकज मिश्र और कांग्रेस से प्रतिमा पाल भी चुनाव लड़ रहे हैं। चुनावी जानकारों की माने तो यहां सपा और भाजपा में सीधा मुकाबला है। जबकि बसपा उम्मीदवार पंकज मिश्र इस मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में जुटे हैं। इस सीट पर कुल मतदाताओ की संख्या 3 लाख 19 हजार 912 है जिसमे पुरुष मतदाताओ की संख्या 1 लाख 72 हजार 318, महिला मतदाताओ की संख्या 1 लाख 47 हजार 579 व अन्य मतदाताओ की संख्या 15 है।
इस बार के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर ऊंट किस करवट बैठेगा यह तो 10 मार्च ही तय करेगा। फिलहाल इस सीट पर मुकाबला दिलचस्प होने के कारण सभी की नजर इस सीट पर टिकी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *