हिन्दू जनजागरण पदयात्रा हरिद्वार में सम्पन्न
हरिद्वार, 18 फ़रवरी (हि.स.)। निरंजनी अखाड़ा की महामंडलेश्वर डॉ अन्नपूर्णा भारती व यति नरसिंहानंद सरस्वती फाउंडेशन की महासचिव डॉ. उदिता त्यागी के नेतृत्व में गाजियाबाद से 12 फरवरी को आरम्भ हुई हिन्दू जनजागरण पदयात्रा आज हरिद्वार पहुंच गई। इसके साथ ही यात्रा का समापन हो गया।
यह पदयात्रा जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि महाराज और जितेंद नारायण सिंह त्यागी को बिना किसी गलती के जेल में डालनेे के विरोध में की गई थी। पद यात्रियों का संकल्प देहरादून मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आवास पर जाकर आमरण अनशन करने का था परन्तु महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि ने इसके लिए मना कर दिया।
महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद ने पद यात्रियों से कहा कि अब मुख्यमंत्री आवास पर अनशन करने का कोई अर्थ नहीं है। मुख्यमंत्री अब इस मामले में कुछ नहीं कर सकते। अब यहां ऊर्जा व्यर्थ करने से कुछ नहीं होगा।
पदयात्रियों ने उनकी बात मानकर अपनी पदयात्रा मां गंगा के चरणों मे समाप्त कर दी। पदयात्रा में अखिल भारतीय ब्रह्मर्षि महासंघ के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष सुनील त्यागी, हिन्दू महासभा के वरिष्ठ नेता अशोक पांडेय, अभिषेक गुप्ता, सनोज शास्त्री, विवेक नागर, विपिन नागर, कृष्ण भारद्वाज, शशिकांत त्यागी, उदयवीर आदि शामिल थे।
