वेल्डिंग करते समय सिलेण्डर फटा, मिस्त्री की मौत

0

फतेहाबाद, 17 फरवरी (हि.स.)। जिले के शहर भूना में गुरुवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें उकलाना रोड स्थित एक दुकान में गैस वेल्डिंग करते समय अचानक एलपीजी सिलेण्डर में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में वेल्डिंग कर रहे मिस्त्री ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि दुकान में हुक्का पी रहा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

राजस्थान के अलेवा का रहने वाला 27 वर्षीय अजय कुमार पिछले कई सालों से भूना के उकलाना रोड पर कृषि औजार ठीक करने का काम कर रहा था। गुरुवार सुबह वह दुकान में कृषि औजार ठीक करने के लिए गैस वेल्डिंग का काम कर रहा था जबकि उसके पास ढाणी सांचला रोड निवासी 32 वर्षीय महेंद्र हुक्का पीने के लिए बैठा हुआ था। गैस वैल्डिंग करते समय अचानक सिलेण्डर में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में अजय कुमार के शरीर के कई अंग दूर जा गिरे और उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि हुक्का पी रहा महेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के दुकानदार मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने घायल महेन्द्र सिंह को उपचार के लिए भूना के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने इस मामले में मृतक युवक के पिता के बयान पर इत्तफाकिया कार्यवाही की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *