सशक्त नारी भारतीय जनता पार्टी का विजन : माया नारोलिया

0

-प्रयागराज में भाजपा जीत का परचम लहराएगी
-मुख्यमंत्री सुमंगला कन्या योजना 25 हजार एवं विवाह अनुदान एक लाख
प्रयागराज, 16 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की योगी सरकार में महिलाएं आज पूरी तरीके से सुरक्षित महसूस कर रही हैं। यही कारण है कि आज जहां भी हम जनसम्पर्क कर रहे हैं, महिलाएं कह रही हैं कि एक बार पुनः भाजपा की सरकार बनाएंगे। सशक्त नारी हमारी पार्टी का विजन है और उस विजन के लक्ष्य के लिए अपने जनकल्याण संकल्प पत्र में हम मुख्यमंत्री सुमंगला कन्या योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता को 15,000 से बढ़ाकर 25,000 तक करेंगे। सामूहिक विवाह अनुदान योजना के अंतर्गत गरीब बेटियों की शादी के लिए एक लाख रू. तक की वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे।
यह बातें भाजपा महिला मोर्चा मध्य प्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया ने बुधवार को शहर उत्तरी विधानसभा भाजपा कार्यालय की बैठक में महिला मोर्चा को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्जवला गैस योजना के अंतर्गत सालाना दो एलपीजी सिलेंडर मुफ्त देंगे, 60 वर्ष से ऊपर की महिलाओं के लिए परिवहन यातायात मुफ्त करेंगे, विधवा एवं निराश्रित महिलाओं का पेंशन 15 हजार मासिक करेंगे, सार्वजनिक एवं शैक्षणिक स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा हेतु कैमरा लगाकर 3000 पिंक पुलिस फोर्स का गठन करेंगे।
उन्होंने कहा कि लोक सेवा आयोग सहित सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं की नौकरियां दोगुनी करेंगे, कालेज जाने वाली मेधावी बालिकाओं को रानी लक्ष्मीबाई योजना के अंतर्गत निःशुल्क स्कूटी प्रदान करेंगे, आंगनबाड़ी महिलाओं एवं स्वास्थ्य सखियों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य बीमा मिशन मोड पर प्रदान करेंगे और सार्वजनिक स्थानों और चौराहों पर महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट का निर्माण करेंगे एवं स्वयं समूह की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए क्रेडिट कार्ड द्वारा एक लाख रू. तक का ऋण कम ब्याज पर उपलब्ध कराएंगे। अंत में कहा कि हम उत्तर प्रदेश में मोदी एवं योगी के नेतृत्व में 350 से ज्यादा सीट जीतकर एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाएंगे और प्रयागराज की सभी विधानसभा पर जीत का परचम लहराएंगे।

बैठक का संचालन करते हुए महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री कीर्तिका अग्रवाल ने महिलाओं का सम्मान करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। बैठक में प्रदेश मंत्री मध्य प्रदेश शशि पटेल, चंद्रप्रभा तिवारी, अजुध्या, गोदरा, श्वेता त्यागी, कमला टांडिया, शिखा रस्तोगी, दुर्गेश नंदिनी, रेखा यादव, चंद्रा अहलूवालिया सहित महानगर एवं मंडल की महिला मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *