जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के 15वें संस्करण की सुबह सुरों और शामें विरासत से होंगी सराबोर

0

जयपुर, 15 फ़रवरी (हि.स.)। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल अपने 15वें संस्करण के साथ 5 से 14 मार्च तक एक बार फिर से गुलाबी नगरी में दस्तक देने को तैयार है। यह आयोजन होटल क्लार्क्स आमेर में होगा।
इस अद्भुत फेस्टिवल की हर सुबह दिल को सुकून देने वाले प्रात: संगीत के साथ होगी। 10 से 14 मार्च 2022 के ऑन-ग्राउंड फेस्टिवल का पहला दिन दिल्ली के हिदुस्तानी शास्त्रीय गायक उज्जवल नागर के नाम रहेगा। दूसरे दिन की शुरुआत इंडियन क्लासिकल गायिका व गीतकार आस्था गोस्वामी के सुरों से होगी। आस्था 17 भिन्न भारतीय भाषाओँ में गायन करती हैं। फेस्टिवल के तीसरे दिन, द आह्वान प्रोजेक्ट प्रस्तुति देगा, जिसमें संगीतमयी कहानी के माध्यम से प्रेम, मानवता और करुणा को दर्शाया जायेगा।
फेस्टिवल की चौथी सुबह, डगर घराना की शास्त्रीय गायिका, सोमबाला कुमार, अपने सुरों से श्रोताओं को मुग्ध करेंगी। ‘धरती के सबसे बड़े साहित्यिक शो’ के अंतिम दिन, अकादमिक और संगीतकार प्रिया कानूनगो, भारत की विविधताभरी संगीतमयी विरासत की प्रस्तुति देंगी।
संगीतमयी सुबहों के साथ, सबके चहेते लिटरेरी फेस्टिवल में 13 मार्च को गणेश पोल, आमेर फोर्ट में, एक खूबसूरत हेरिटेज इवनिंग का आयोजन होगा। इस ख़ास शाम में शास्त्रीय सुरों की मल्लिका और पंडित कुमार गंधर्व की बेटी व शिष्या, कलापनी कोमकली प्रस्तुति देंगी। इस हसीं शाम को और भी हसीं बनाने के लिए, कत्थक-नाट्य, स्वर्गीय पंडित बिरजू महाराज की भूतपूर्व शिष्या, अदिति मंगलदास कत्थक के रंग बिखेरेंगी। शाम का अंत, आर्क स्कूल ऑफ़ डिजाइन, जयपुर के छात्रों द्वारा प्रस्तुत, एक फैशन शो से किया जायेगा। 2000 के दशक में स्थापित, आर्क स्कूल ऑफ़ डिजाइन अपने कोर्स के माध्यम से, उद्यमिता और दक्षता पर जोर देता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *