फर्रुखाबाद : सपा की साइकिल पंचर, पुर्जे खोलना बाकी – केशव प्रसाद मौर्य

0

उपमुख्यमंत्री ने जनता से मेजर सुनील दत्त द्विवेदी को भारी बहुमत से जिताने की अपील की

फर्रुखाबाद, 15 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य चुनावी सभा करने फर्रुखाबाद जनपद पहुंचे और सपा, बसपा, कांग्रेस को ललकारा। कहा, यह सब एक होकर भी भाजपा को रोक नहीं सकते। अखिलेश यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, पंचर हो गयी लेकिन उसके पुर्जे अब खोलना है।

उन्हाेंने बद्रीविशाल डिग्री कालेज में सदर विधान सभा के भाजपा उम्मीदवार मेजर सुनील दत्त द्विवेदी की चुनावी सभा में कहा कि मोदी को रोकने के लिए सभी दल एक हुए हैं। 70 साल तक दिल्ली में कांग्रेस और यूपी में सपा और बसपा ने देश और प्रदेश को लूटने का काम किया। बीजेपी सरकार ने प्रदेश में पिछले 5 साल में विकास सीमा को पार किया। उप्र में पहले बिजली आती नहीं थी। बीजेपी की सरकार में बिजली जाती नहीं है।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, अखिलेश 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे। उन्हें सोचना चाहिए कि उनकी सरकार में यूपी में लोग तारों पर कपड़े सुखाते थे। सपा गुंडों और माफियाओं, चोरों की सरदार पार्टी है। सपा सरकार में चोर तार काट कर ले जाते थे। आज विकास हो रहा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष को पहले चरण के चुनाव में ही सरकार में आने के सपने बंद हो गए। उनके चेहरों पर अभी से 12 बज रहे है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा, गरीब, माता, बहनों और मजदूर को प्रदेश और केंद्र सरकार पूरी तरह से समर्पित किया। यूपी में बुआ और भतीजे की सरकार 15 साल रही लेकिन किसानों के खातों में कभी पैसा नहीं आया। बीजेपी की सरकार ने सभी किसानों के खाते में आज 2 हजार रुपये आ रहे है। पहली पारी में अभी बीजेपी ने ट्रेलर किया है। अब दूसरी पारी पूरी पिक्चर होगी।किसानों के नलकूप बिजली अब किसानों ने लिए फ्री करने जा रहे है। गांव गांव में कैम्प लगवा कर पेंशन सभी की बनाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि, आजादी के बाद जहां बिजली नहीं पहुंची हमने उन घरों में उजाला किया। अखिलेश कोरोना की नहीं बीजेपी की वैक्सीन बताते रहें। कमल का बटन दबा कर सपा को जनता वैक्सीन लगाने का काम करेगी और सपा को समाप्तवादी पार्टी बनाने का काम जनता करेगी।

उपमुख्यमंत्री यही नहीं रूके और विपक्ष पर हमला करते हुए कहा, रामलला का भव्य मंदिर बनाने का सरकार का वादा पूरा किया। हर गरीब को बीजेपी सरकार में सरकार की योजनाओं के सभी लाभ घर घर पहुंचाये गए। साइकिल तो पंचर हो गयी लेकिन उसके पुर्जे अब खोलना है। कहा कि, 15 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन बीजेपी दे रही है। सपा, बसपा, कांग्रेस अगर सरकार में होती तो यह राशन नहीं भाषण देकर चले जाते। सपा सरकार में जमीनों पर खुलेआम कब्जे हो रहे थे। जिस गाड़ी में सपा का झंडा, उस गाड़ी में बैठा गुंडा। बुलडोजर और जेसीबी दोनों अभी खड़े हैं लेकिन 10 मार्च के बाद गुंडे और माफिया तैयार रहें। अबकी बार 300 पार सीटें बीजेपी लाकर सरकार बनाने जा रही है। जेल में बंद लोगों को गुंडों को टिकट दिया।

सपा, बसपा, कांग्रेस का बैरियर अगर नहीं हटता तो जम्मू से धारा 370 भी नहीं हटती। 100 में 60 हमारा है 40 में बंटवारा है।उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राम भक्तों पर लोगों ने गोली चलवाई। कल्याण सिंह ने रामभक्तों के लिए राम के चरणों में अपनी कुर्सी चढ़ाई। अखिलेश यादव ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि तक नहीं दी।

60 साल से ऊपर की महिलाओं को रोडवेज बसों में फ्री यात्रा कराएगी। बीजेपी सरकार विकास के लिए लक्ष्मी साइकल और हाथी और पंजे पर नहीं आती। लक्ष्मी केवल कमल के फूल पर आती है। उन्होंने फर्रुखाबाद की जनता से मेजर सुनील दत्त द्विवेदी को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष रूपेशगुप्त, भोजपुर विधायक नागेन्द्र सिंह, डॉक्टर सुरभि तथा मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी मौजूद रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *