रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर लालू का स्वागत, इंसाफ का भरोसा

0

रांची, 13 फरवरी (हि.स.)। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव रविवार को रांची पहुंचे। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद लालू सीधे रांची के मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला पहुंचे। लालू यादव के साथ उनकी बेटी मीसा भारती रांची आयी हैं।

एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों ने जब लालू से सवाल पूछा तो नो कमेंट कहते हुए वह गाड़ी में सवार हुए और निकल गए। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हालांकि, पूर्व सांसद घूरन राम ने कहा कि हमें न्यायालय पर पूरा भरोसा है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को इंसाफ मिलेगा। राजद की पूर्व प्रदेश प्रवक्ता स्मिता लकड़ा ने कहा कि राजद खेमे में उम्मीद है कि उन्हें जरूर बेल मिलेगी। लालू प्रसाद यादव की उम्र और बीमारियों को देखते हुए न्यायालय से इंसाफ जरूर मिलेगा। स्मिता ने कहा कि सोमवार को सुनवाई के दौरान मीसा भारती, तेजस्वी यादव सहित कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे।

एयरपोर्ट पर श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, भोला यादव, जयप्रकाश नारायण यादव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, राजद के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण किशोर सहित काफी संख्या में राजद के कार्यकर्ता एयरपोर्ट पर मौजूद थे।

उल्लेखनीय है कि लालू से जुड़े चारा घोटाला आरसी-47 ए/ 96 मामले में सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश एसके शशि की अदालत में 15 फरवरी को मामले में फैसले की तिथि निर्धारित है। इसी को लेकर लालू रांची पहुंचे हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *