पार्टी का हर आदेश शिरोधार्यः स्वाती सिंह

0

पति दयाशंकर सिंह के लिए प्रचार के सवाल पर कहा, पार्टी जहां कहेगी, वहां जाऊंगी
नऊ, 13 फरवरी (हि.स.)। कुछ लोगों की आदत में होता है कि वे आये दिन सारी मर्यादाओं को लांघ जाते हैं, लेकिन मैं कभी अपनी मर्यादाओं को नहीं लांघ सकती। मैं भाजपा की एक समर्पित कार्यकर्ता हूं। पार्टी का हर आदेश शिरोधार्य है। ये बातें उत्तर प्रदेश सरकार की मंत्री स्वाती सिंह ने कही।
भाजपा नेता स्वाती सिंह ने अपने पति दयाशंकर सिंह द्वारा लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा सीट से प्रतिद्वंद्वी के रूप में टिकट की दावेदारी और अन्य पहलुओं पर हिन्दुस्थान समाचार से खुलकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे लोगों के संबंध में सोचने और उन पर बात करने की फुर्सत नहीं है। मैं पार्टी की एक कार्यकर्ता हूं। पार्टी ने हमें पिछली बार सरोजनीनगर विधानसभा सीट से लड़ाया। मैं उस सीट से निर्वाचित हुई। हमें जिस दायित्व को दिया गया, उसका निर्वहन किया। आगे भी पार्टी जो कहेगी, करूंगी।
स्वाती सिंह ने कहा, मैं एक मां हूं और हमें अपने बच्चों के भविष्य का भी ख्याल करना है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश के लोगों के साथ मिलजुल कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहूंगी। उन्होंने सरोजनीनगर से भाजपा उम्मीदवार राजराजेश्वर सिंह के प्रचार करने के संबंध में कहा, मैं पार्टी की एक समर्पित कार्यकर्ता हूं। राजराजेश्वर सिंह भी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। ऐसे में पार्टी का जो भी आदेश होगा, उसका पालन करूंगी। वहीं, बलिया नगर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दयाशंकर सिंह के प्रचार करने से जुड़े सवाल पर स्वाती सिंह ने कहा, मैं पार्टी की एक कार्यकर्ता हूं। मैं बलिया की बेटी हूं। पार्टी जहां कहेगी, वहां जाऊंगी।
स्वाती सिंह ने टिकट कटने से जुड़े सवाल पर कहा कि यह पार्टी का काम है। पार्टी ने जो उपयुक्त समझा वह किया, लेकिन हमारे क्षेत्र में विशेषकर महिलाओं के लिए जो भी काम चल रहे हैं, चलते रहेंगे। बैंक ऑफ बड़ौदा, टाटा ट्रस्ट आदि के माध्यम से सरोजनीनगर क्षेत्र में चल रहे काम जारी रहेंगे। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र हमारा परिवार है और बना रहेगा। अपने विधानसभा क्षेत्र में मैंने कभी स्वार्थवश कोई काम नहीं किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *