प्रचार का आज अंतिम दिन, भाजपा-कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत

0

देहरादून, 12 फरवरी (हि.स.)। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। सत्ता की इस लड़ाई में सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा-कांग्रेस के स्टार प्रचारक आज यहां ताबड़तोड़ चुनावी सभा करने जा रहे हैं। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, गृहमंत्री सहित उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कमान संभालेंगे तो कांग्रेस की ओर से पार्टी महासचिव प्रियंका वाड्रा प्रचार का कमान संभाल रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लगातार तीन दिन से चुनावी सभा कर रहे हैं। वे आज उधमसिंह नगर के रुद्रपुर में सभा करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आज कुमाऊं और तराई क्षेत्र में तीन जनसभाओं की संबोधित करने वाले हैं। वे सुबह कपकोट में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। उसके बाद वे सल्ट जाएंगे। सल्ट के बाद उनकी सभाएं रामनगर में है। सबसे ज्यादा सभाएं और रोड शो गृहमंत्री अमित शाह के जिम्मे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गढ़वाल में चुनाव की कमान संभालेंगे। गृहमंत्री सुबह सबसे पहले टिहरी जिले के धनौल्टी विधानसभा में जनसभा करेंगे। उसके बाद सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करेंगे। सहसपुर के बाद उनकी सभा रायपुर में है। रायपुर से वे सीधे हरिद्वार जाएंगे। यहां वे जन संपर्क अभियान चलाएंगे और भाजपा के लिए वोट करने की अपील करेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दो विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार करेंगे। इनका सुबह टिहरी में प्रचार करने का कार्यक्रम है। दोपहर बाद इनकी एक जनसभा पौड़ी जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में है। यहां से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी की बेटी और यमकेश्वर से विधायक ऋतू खंडूरी को मैदान में उतारा है। भाजपा के लिए यह सीट चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूरी मुख्यमंत्री रहते यहां से चुनाव हार चुके हैं।
कांग्रेस के प्रचार का जिम्मा राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा और राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के पास है। प्रियंका आज कुमाऊं और गढ़वाल में तीन चुनाव सभाओं की संबोधित करेंगी। वे आज खटीमा से इसकी शुरुआत करेंगी। यहां से वे गढ़वाल के श्रीनगर में जनसभा करेंगी। कल प्रधानमंत्री मोदी यहां सभा कर चुके हैं। प्रियंका श्रीनगर के बाद हरिद्वार में भी प्रचार करेंगी।
इस बार आम आदमी पार्टी भी चुनाव मैदान में है। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया देहरादून जिले की विधानसभा सीटों पर प्रचार करेंगे। इसके अलावा दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री राजेंद्रपाल गौतम और विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़ला भी यहां जनसभा करने वाली हैं। पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक मनीष सिसोदिया सहसपुर, मसूरी, डोईवाला, ऋषिकेश में प्रचार करेंगे। राजेंद्रपाल गौतम किच्छा, गदरपुर में प्रचार करेंगे। राखी बिड़ला मंगलौर, लक्सर, हरिद्वार ग्रामीण में प्रचार करेंगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *