आईईडी ब्लास्ट में कोबरा बटालियन के दो जवान गंभीर रूप से घायल, मेडिका में भर्ती

0

-लोहरदगा जिले के बुलबुल जंगल में सर्च अभियान के दौरान हुई घटना

रांची, 11 फरवरी (हि.स.)। लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र अंतर्गत बुलबुल जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गये। घायल दोनों जवानों दिलीप कुमार (29) और नारायण दास (38) को प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर से रांची के खेलगांव लाया गया। इसके बाद मेडिका हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

जवान दिलीप कुमार का इलाज डॉक्टर अंकुर और डॉक्टर कुमार विशाल की देखरेख में चल रहा है। दिलीप का दाहिना पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। नारायण दास का इलाज मेजर रमेश दास की देखरेख में किया जा रहा है। उनके चेहरे, बाया कंधे और छाती में चोट लगी है। बताया गया कि अभियान के दौरान माओवादियों का कैंप भी ध्वस्त किया गया है।

झारखंड पुलिस के प्रवक्ता और आईजी अभियान एवी होमकर ने बताया कि अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हुए हैं। उनका इलाज मेडिका अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने बताया कि इलाके में नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान जारी है।

उल्लेखनीय है कि भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के खिलाफ जिला पुलिस और सीआरपीएफ कोबरा बटालियन की टीम अभियान चला रही थी। इसी दौरान यह ब्लास्ट घटना हुई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *