योगी सरकार ने नारी सुरक्षा और सम्मान के लिए किया काम: अनुराग ठाकुर

0

– सपा ने तो महिला आरक्षण के मुद्दे पर संसद में किया था विरोध
लखनऊ, 09 फरवरी (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश सह चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने महिलाओं के लिए कार्य करने की विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री ने मंगलवार को भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। उसमें स्पष्ट है कि भाजपा महिलाओं के लिए कितना संजीदगी से काम कर रही है। भाजपा महिलाओं को सम्मान देने के साथ ही उन्हें पूरी सुरक्षा प्रदान करने का भी कार्य कर रही। यह कार्य निरंतर जारी रहेगा।
अनुराग ठाकुर ने बुधवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर पत्रकारों से कहा कि गृहमंत्री ने संकल्प पत्र जारी किया है। उसमें अलग-अलग वर्गों के लिए व्यवस्था की गई है। योगी सरकार ने नारी सुरक्षा और सम्मान के लिए काम किया है। भाजपा ने महिलाओं के उत्थान के लिए जो संकल्प लिया गया है, आने वाले पांच वर्षों में योगी सरकार पूरा करेगी। कांग्रेस का नाम लिए बगैर उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ पार्टी में पोस्टर और परिवार की महिलाएं छोड़कर जा रही हैं। महिलाओं का सम्मान आगे भी जारी रहे, इसलिए भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में स्थान दिया है। ठाकुर ने कहा कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी हुई। वह छोड़ कर चले गए। अब कांग्रेस को युवा भी छोड़ रहे हैं।
कर्नाटक में स्कूल ड्रेस को लेकर चल रहे विवाद पर ठाकुर ने कहा कि मामला कोर्ट में है, हम सबको उसका इंतजार करना चाहिए है। ममता बनर्जी के आरोप पर बोलते हुए कहा कि योगी की लोकप्रियता है कि पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री को आना पड़ा। यह वही मुख्यमंत्री हैं जो यूपी के लोगों को गुंडा कह चुकी हैं। अखिलेश को जवाब देना होगा। जिसने उत्तर प्रदेश का अपमान किया उसका सम्मान क्यों किया इसका जवाब देना होगा।
अखिलेश द्वारा भाजपा के संकल्प पत्र को झूठ पत्र कहने पर पर केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि वह क्या कहते हैं? इससे फर्क नहीं पड़ता। सपा ने अपना जब घोषणा पत्र जारी किया, उस समय मंच पर कौन था? कोई नेता नहीं था। इससे साफ होता है कि अपनों का साथ नहीं मिल रहा। सपा द्वारा महिलाओं को आरक्षण की घोषणा पर उन्होंने कहा कि यह वही लोग हैं जो हमेशा महिला आरक्षण के मुद्दे पर विरोध करते रहे हैं। सपा तो एक ऐसी पार्टी है जिसने संसद में महिलाओं को आरक्षण का विरोध किया ही, उन्हें असुरक्षित करने का भी कार्य किया। पहले चरण की 58 सीटों पर 10 फरवरी को हो रहे चुनाव के सवाल पर ठाकुर ने कहा कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के चुनाव में पिछली बार से भी बड़ी जीत दर्ज करेंगे। पिछली बार 58 में से 53 सीटों पर कमल खिला था।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *