झारखंड भाजपा के प्रमुख नेताओं का दिल्ली में जमावड़ा, राजनीतिक चर्चा शुरू
रांची, 07 फरवरी। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी रविवार को दिल्ली गये हैं । संसद का सत्र होने के कारण झारखंड से भाजपा के सांसद भी दिल्ली में हैं। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश चूंकि सांसद भी हैं इसलिए वे भी दिल्ली में हैं।
इधर, राजनीतिक गलियारे में चर्चा है कि ये नेता दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। झारखंड की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा होगी। झारखंड में अभी भाषा पर विवाद गरमाया हुआ है।
भोजपुरी, मगही और अंगिका भाषा पर विवाद चल रहा है। इसके अलावा ट्राइबल एडवायजरी कौंसिल यानी टीएसी के गठन को लेकर राज्यपाल रमेश बैस के निर्देश का भी मामला है। भाजपा नेताओं का दिल्ली में जमावड़ा राजनीतिक माहौल को थोड़ा गरमा रहा है।
इधर, दिल्ली में कांग्रेस के विधायकों को भी बुलाया गया है।सभी दिल्ली जा रहे हैं। झारखंड कांग्रेस के प्रभारी आर पी एन सिंह हाल ही में भाजपा में शामिल हुए हैं। झारखंड कांग्रेस के कुछ विधायकों ने आरोप लगाया था कि आर पी एन सिंह झारखंड में कांग्रेस को तोड़ना चाहते थे।
वैसे भाजपा नेताओं का कहना है कि भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है। दिल्ली आना जाना लगा रहता है। कयास लगाना उचित नहीं है।
सीमा सिन्हा, ब्यूरो प्रमुख।