सपा के पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य समेत कई नेता भाजपा में शामिल

0

लखनऊ, 07 फ़रवरी (हि.स.)। विधानसभा चुनाव से पहले सपा-प्रसपा गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सपा से इटावा के पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य ने सोमवार को अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। शाक्य विधायक भी रहे हैं और सपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस मौके पर अन्य दलों के नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ज्वाइनिंग कमेटी के चेयरमैन डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने शाक्य एवं उनके समर्थकों, अन्य नेताओं और पूर्व अधिकारियों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई। मौर्य ने कहा कि हम पहले से ही कहते रहे हैं कि 2022 में 2017 दोहराएंगे। वह स्पष्ट स्थिति सबके सामने दिख रही है। जो अखिलेश यादव एंड कम्पनी दावा कर रही थी कि हम 400 से अधिक सीटें जीत रहे हैं, अब उनके मुंह से वह 400 शब्द निकलता दखाई नहीं दे रहा है। वह डरे हुए हैं। घबड़ाए हुए हैं। उनके होस उड़ गए हैं। अखिलेश प्रदेश के युवाओं के बारे ऐसी अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं जिसे वे मंच से नहीं दोहरा सकते। इसके लिए अखिलेश को माफी मांगनी चाहिए।
मौर्य ने कहा कि भाजपा विकास और सुशासन के मुद्दे पर उप्र की 24 करोड़ जनता की गारंटी लेती है। समाज के सभी वर्गों के लिए काम कर रही है। केंद्र की मोदी सरकार के साढ़े सात साल कांग्रेस के छह दशक पर भारी है। उप्र में पांच साल योगी सरकार के सपा-बसपा के 15 साल पर भारी है।
इस मौके पर जिन लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है, उनमें पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, पत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य सीमा शाक्य, प्रदेश महासचिव प्रसपा मुरारी गुप्ता, प्रसपा के जिला महासचिव राजेंद्र कुशवाहा, प्रदेश सचिव राजू कुशवाहा, राजनारायण बघेल, शिवपाल सिंह शाक्य, बादशाह राजपूत, सर्वेश चौहान, वीरेंद्र संखवार, गौरव शाक्य, वीटू यादव, विनोद कुशवाहा, सुमित शाक्य, तेजपाल राजपूत, नितिन गुप्ता, चंद्रपाल सिंह राजावत शामिल हैं। प्रयागराज जिले के बार्रा विधानसभा सीट से बसपा से चार बार विधायक रहे रामसेवक पटेल सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। सरदार वल्लभभाई पटेल कुर्मी महासभा सेवा संस्थान के अध्यक्ष भी हैं। इनके साथ में जिला सचिव सपा पवन सिंह पटेल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामराज पटेल, सपा के जिला सचिव पवन सिंह, जिला सचिव सुरेंद्र, सपा नेता श्याम कृष्ण पटेल ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
इसके अलावा सेवानिवृत्त जज जय मंगल शर्मा ने भाजपा का दामन थामा है। इनके साथ राजीव पांडे, अवनीश कुमार मिश्रा, मनीष उपाध्याय, चंद्रप्रकाश द्विवेदी, प्रखर शुक्ला, एसएन गोस्वामी, एसके शर्मा, सुधा वर्मा, एसबी जनार्दन, योगेंद्र कुमार श्रीवास्तव, जीत प्रकाश शुक्ला, संतोष कुमार उपाध्याय भी भाजपा में शामिल हुए। सेवानिवृत्त विशेष सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग उत्तर प्रदेश शासन अरुण कुमार दुबे, गोंडा के जिला पंचायत सदस्य शांत भूषण मणि त्रिपाठी ‘मनोज तिवारी’, चांद मोहम्मद चंदू, अविनाश अग्रवाल टांडे, अमर कुमार, उत्तम चंद्र गुप्ता, संतोष कुमार गुप्ता ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *