भाजपा ने फिर विपिन पर जताया भरोसा, विरासत में मिली है राजनीति

0

गोरखपुर, 07 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर विधायक विपिन सिंह को गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। गौरतलब है कि विपिन सिंह के पिता अंबिका सिंह कौड़ीराम विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं।
वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव से पहले परिसीमन हुआ था। तब कौड़ीराम विधानसभा सीट का अस्तित्व खत्म हो गया। इसके बाद गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा सीट का गठन हुआ। इस सीट पर वर्ष 2012 में पहला चुनाव हुआ। पहली बार में भाजपा को जीत मिल गई। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने विपिन सिंह को चुनाव मैदान में उतार दिया।
इस चुनाव में विपिन को 4410 वोटों के अंतर से जीत मिली थी। हालांकि, तब निषाद पार्टी का भाजपा से गठबंधन नहीं था। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद भी चुनाव मैदान में उतरे थे। डॉ. संजय को करीब 35 हजार वोट मिले थे। इस बार निषाद पार्टी भाजपा की सहयोगी है। विपिन सिंह 1995 से 2005 तक कौड़ीराम के ब्लॉक प्रमुख भी रहे हैं।
वर्ष 2005 से 2010 तक विधायक की पत्नी नीता सिंह भी कौड़ीराम की ब्लॉक प्रमुख रहीं। वर्ष 2021 के ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भी विधायक की पत्नी नीता सिंह को जीत मिली है। विधायक के चाचा विजय प्रताप सिंह दस साल तक खोराबार के ब्लॉक प्रमुख रहे हैं। ज्ञातव्य हो कि गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा सीट से तीन लाख 94 हजार से अधिक मतदाताओं को अपना विधायक चुनना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *