स्वर कोकिला लता मंगेशकर को मुख्यमंत्री और राज्यपाल सहित कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

0

जयपुर, 6 फ़रवरी (हि.स.)। स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर राज्यपाल कलराज मिश्र और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित प्रदेश के कई जनप्रतिनिधियों ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त की है। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की है। लताजी के निधन पर दो दिन का राष्ट्रीय शोक रहेगा। राजस्थान समेत देशभर में झंडा आधा झुका रहेगा।

राज्यपाल कलराज मिश्र की ओर से जारी शोक संदेश में उन्होंने लता मंगेशकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि लता मंगेशकर देश की स्वर सरस्वती थी। उनके निधन से सुरीले गायन के एक युग का अवसान हो गया है। राज्यपाल ने ईश्वर से पुण्य आत्मा को शांति और परिजनों व करोड़ों प्रशंसकों को यह दुख सहन करने की क्षमता प्रदान करने की कामना की है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर लता मंगेशकर के निधन पर अपनी शोक संवेदना जाहिर की है। गहलोत ने लिखा कि महान गायक भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ, वो भारत की सुरीली आवाज थी, जिन्होंने सात दशक से अधिक लंबे समृद्ध योगदान में अपना जीवन भारतीय संगीत को समर्पित कर दिया था। गहलोत ने लिखा कि लता मंगेशकर का गायन संगीत की दुनिया के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। गहलोत ने भगवान से उनके परिवारजनों, दोस्तों और प्रशंसकों को यह आघात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लता मंगेशकर के साथ मेरी दो बार मुलाकात हुई थी मुंबई में। मेरे प्रति उनका बहुत स्नेह था। वो पूरे देश के दिलों पर राज करने वाली शख्सियत थीं। वो इतिहास में अमर हो गई है। वो हमारे बीच से चली गईं, पूरा देश आज ग़मगीन है। ऐसे बिरले व्यक्तित्व दुनिया के अंदर यदा-कदा ही आते हैं, मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया और उप नेता राजेंद्र राठौड़ और आरएलपी संयोजक व सांसद हनुमान बेनीवाल सहित राजस्थान से जुड़े कई जनप्रतिनिधियों ने लता मंगेशकर के निधन पर अपनी शोक संवेदना जाहिर की है।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लिखा कि भारतीय पार्श्वगायन की साम्राज्ञी, स्वर कोकिला ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर का निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। वे एक प्रखर देशभक्त थी, जिन्होंने अपनी संगीत साधना के माध्यम से हर हिंदुस्तानी के दिल में जगह बनाई थी। लता दीदी ने सात दशकों तक करीब तीस हजार गानों के माध्यम से अपनी सुरीली आवाज का जादू अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिखेरा है। करोड़ों देशवासियों की तरह मैं भी उनके गानों की प्रशंसक रही हूं। मेरी ईश्वर से कामना है कि दिवंगत की आत्मा को शान्ति व उनके चाहने वालों को सम्बल प्रदान करें।

रालोपा संयोजक और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने लिखा कि स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर का निधन हो जाना बहुत ही दुःखद खबर है। लता का निधन संगीत जगत व देश के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवगन्त पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों मे स्थान प्रदान करें।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने भी ट्वीट कर अफसोस जताया। उन्होंने लिखा कि भारत रत रत्न से विभूषित, स्वर कोकिला, संगीत एवं गायन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली स्वर साम्राज्यी लता के निधन पर निःशब्द हूं। ईश्वर से उनके मोक्ष की कामना करता हूं। लता का निधन पूरे देश के लिए बड़ी क्षति है।

भाजपा सांसद रामचरण बोहरा ने लिखा कि देश की शान और संगीत जगत की सिरमौर स्वर कोकिला ‘भारत रत्न’ लता मंगेशकर का निधन बहुत ही दुखद है। पुण्यात्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सभी संगीत साधकों के लिए सदैव प्रेरणा थी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *