माता वैष्णों देवी मंदिर का 31वां वार्षिकोत्सव कलश पूजन के साथ शुरु

0

रामगढ़, 05 फरवरी (हि.स.)। रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी मंदिर का 31 वां वार्षिकोत्सव का शुभारंभ शनिवार को कलश पूजन से हुआ। वार्षिकोत्सव के सभी धार्मिक अनुष्ठानों के मुख्य यजमान सजल चड्डा व उनकी पत्नी सीना चड्डा थी। अनुष्ठान के आचार्य गोविंद बल्लभ शर्मा द्वारा झंडा चौक स्थित प्राचीन महावीर मंदिर में कलश में जल भरवाकर विधिवत रूप से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश पूजन कराया गया। इसके बाद झंडा चौक के चौराहे पर भैरव की पूजा की गई।

तत्पश्चात माता का दरबार पहुंचकर कन्या का पूजन कराया गया। माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट के सचिव महेश मारवाह ने बताया कि 6 फरवरी को सुबह 10 बजे गणेश पूजन, मंडप प्रवेश व अग्नि प्रवेश कराया जाएगा। सात दिवसीय यह अनुष्ठान आगामी 12 फरवरी तक चलेगा। 10 फरवरी को अपराह्न 3 बजे से मंदिर परिसर में महिला मंडली द्वारा कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। 11 फरवरी को रात्रि नौ बजे से माता की प्रतिमा का दूध स्नान व 12 फरवरी को भंडारा प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *