शेखावाटी में संघ के दो आधार स्तम्भ विदा, स्मृति शेष

0

जयपुर, 01 फरवरी (हि.स.)। राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं को सुदृढ़ करने से लेकर समाज में संस्कार, संस्कृति और सरोकार की अलख जगाने वाले दो आधार स्तम्भ पूर्व विभाग संघचालक जसवंत सिंह शेखावत तथा लम्बे समय तक संघ कार्यालय प्रमुख का दायित्व संभालने वाले वयोवृद्ध उदयलाल टाक अपना आशीर्वाद देकर विदा हो गए। उनके निधन के समाचार ने शेखावाटी के संघ कार्यकर्ताओं में शोक की लहर व्याप्त हो गई। कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने माध्यम से अपनी संवेदनाएं प्रकट की।
ज्ञातव्य है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सीकर विभाग जिसमें चूरू, सीकर व झुंझुनूं क्षेत्र आता है, जसवंत सिंह शेखावत ने इसके विभाग संघचालक का दायित्व लम्बे समय तक संभाला। उन्हें संघ के कार्यकर्ता व समाजजन ‘बाबाजी’ भी पुकारते थे। मौनी अमावस्या पर मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
शेखावाटी क्षेत्र के ही संघ के वयोवृद्ध कार्यकर्ता और सीकर में सबसे बड़े संयुक्त परिवार के मुखिया 102 वर्षीय उदयलाल टाक के निधन के समाचार से भी कार्यकर्ताओं में शोक छा गया। सेवानिवृत्ति के बाद 25 वर्ष तक उन्होंने भारती भवन में वस्तु भण्डार का कार्य संभाला। उसके बाद सीकर संघ कार्यालय प्रमुख का दायित्व निर्वहन किया।
संघ को जीवन में जीने वाले आदर्श कार्यकर्ताओं के अवसान पर संघ कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न सामाजिक व स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों ने संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *