गुमला में प्रमुख स्थल पर स्थापित होगी नेताजी की प्रतिमा : उपायुक्त

0

हर्षोल्लास के साथ मनाई गई नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती
गुमला, 23 जनवरी (हि.स.)। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में जिला प्रशासन द्वारा रविवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी रवि आनंद ने संयुक्त रूप से मंच पर अधिष्ठापित नेताजी के आदमकद कटआउट पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण कर शत-शत नमन किया।

जयंती समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त शिशिर कुमार सिन्हा ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को स्मरण करते हुए कहा कि देश को आजादी दिलाने में नेताजी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंग्रेजी हुकूमत से देश को आजाद कराने के लिए उन्होंने अपना जीवन तक न्यौछावर कर दिया। अतः हमें नेताजी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने की आवश्यकता है। उन्होंने गुमला जिले में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा की स्थापना के विषय में कहा कि जिला प्रशासन के द्वारा जिले में प्रमुख स्थल को चिन्हित कर नेताजी की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी।

जयंती समारोह को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में नेताजी सुभाष चंद्र बोस का अमूल्य योगदान रहा। हमें उनके इस योगदान को स्मरण करने की आवश्यकता है। उन्होंने आगे कहा कि हमारे देश के युवाओं को नेताजी के जीवन से न केवल साहस बल्कि बुद्धि की भी प्रेरणा लेनी चाहिए, ताकि राष्ट्र के निर्माण में महनत, साहस और बुद्धि का प्रयोग करते हुए आधुनिक भारत के निर्माण की जो कल्पना नेताजी ने की थी, उस कल्पना की ओर आगे बढ़ सकें। आज राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में सम्मिलित होने के लिए हमें उनके मुख्य आदर्श राष्ट्रवाद को अपनाने का संकल्प लेना होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *