असम-मेघालय सीमा विवाद, समाधान का रास्ता 21 जनवरी तक मिलने की उम्मीद

0

शिलांग, 20 जनवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने कहा है कि मेघायल-असम सीमा विवाद सुलझाने के लिए एक समय सीमा तय करने की जरूरत थी। इसलिए मेघालय के स्थापना दिवस 21 जनवरी से पहले इस दिशा में एक मील का पत्थर लगाना तय हुआ था। मुख्यमंत्री को उम्मीद है कि समाधान का एक रास्ता 21 जनवरी से पहले अवश्य तैयार होगा।
कॉनराड के संगमा का यह बयान उस समय आया है, जब आज दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री विशेष विमान से गुवाहाटी के बोरझार से नई दिल्ली के लिए रवाना होने वाले हैं।
मेघालय के मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सीमा विवाद काफी लंबे समय से चला आ रहा है और इसे सुलझाने के लिए एक लंबा समय लग सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समय सीमा तय करना एक सतत प्रक्रिया है। इस पर काम चलता रहा है।
इस मुद्दे को लेकर मेघालय विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग को मुख्यमंत्री ने सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि इस विषय के अलावा राज्य सरकार के पास और भी दूसरे काम हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस विषय पर कोई उपयुक्त कार्य योजना नहीं बनाई जा सकी है। ज्ञातव्य है कि बुधवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कैबिनेट की बैठक के बाद कहा था कि असम और मेघालय के मुख्यमंत्री गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मुद्दे पर मिलेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *