प्रयागराज के हंडिया विधानसभा क्षेत्र में सपा-बसपा की रही टक्कर

0

-राकेश धर त्रिपाठी का रहा वर्चस्व, भाजपा सिर्फ एक बार जीती
प्रयागराज, 18 जनवरी (हि.स.)। हंडिया विधान सभा सीट उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में आती है। वर्ष 2017 में विधायक बने बहुजन समाज पार्टी से हाकिम लाल बिंद को 72 हजार, 446 मत मिले और अपना दल (एस) की प्रमिला देवी को 63 हजार, 920 मत मिले। इस प्रकार आठ हजार, 526 वोटों के अंतर से बसपा ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी। यह सीट भदोही संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आती है। इस संसदीय क्षेत्र से सांसद रमेश बिंद, भारतीय जनता पार्टी से हैं। उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के रंगनाथ मिश्रा को 43 हजार, 615 से हराया था।
हंडिया विधानसभा सीट पर भाजपा को 1996 में जीत मिली थी। इसके बाद से यहां बारी-बारी से सपा और बसपा उम्मीदवार ही जीतते रहे हैं। 2017 की मोदी लहर में भी बीजेपी यहां नहीं जीत पाई थी। जनपद की हंडिया विधानसभा सीट पर सपा और बसपा के प्रत्याशियों की बारी-बारी से जीत होती रही है। इस सीट पर राकेश धर त्रिपाठी का वर्चस्व रहा है।
—सिर्फ एक बार भाजपा को मिली जीत
हंडिया विधानसभा क्षेत्र से राकेश धर त्रिपाठी चार बार विधायक चुने गए। उनकी राजनीतिक यात्रा जनता पार्टी से शुरू हुई और अंतिम दौर में वह भाजपा में शामिल हुए। इस बीच वे सभी प्रमुख रजनीतिक दलों में शामिल रहे। इस सीट पर कमल खिलाने वाले वही अकेले उम्मीदवार रहे हैं। साल 1985, 1989, 1996 और 2007 में वे यहां से विधायक रहे। 1996 में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी।.
—हंडिया विधानसभा सीट
हंडिया विधानसभा क्षेत्र से 1977 के विधानसभा चुनाव में जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेन्द्र प्रसाद त्रिपाठी ने कांग्रेस के हर प्रताप सिंह को हराकर जीत दर्ज की थी। फिर 1980 में वे कांग्रेस के उम्मीदवार हो गये। राजेंद्र त्रिपाठी ने जनता पार्टी के राम रेखा निशंक को हराया था। साल 1985 में जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में राकेश धर त्रिपाठी ने अपना पहला चुनाव जीता, उन्होंने कांग्रेस के राजेन्द्र त्रिपाठी को हराया। दूसरी बार 1989 में राकेश धर त्रिपाठी ने जनता दल प्रत्याशी बनकर विजय हासिल की। उन्होंने बसपा के अमर बहादुर भारतीय को हराया। 1991 में जनता दल के बृजभान यादव ने बसपा के शीतला प्रसाद बिंद को पराजित किया। 1993 में बहुजन समाज पार्टी के जोखू लाल यादव ने बसपा का खाता खोला, उन्होंने निर्दल राकेश धर त्रिपाठी को हराया। अगली बार 1996 में भाजपा ने राकेश धर त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया और उन्होंने जीत दर्ज की। इसमें सपा के बेनी माधव बिंद दूसरे नंबर पर रहे। लेकिन 2002 में समाजवादी पार्टी के महेश नारायण सिंह ने भाजपा के राकेश धर त्रिपाठी को पराजित कर दिया। 2007 के चुनाव में राकेश धर त्रिपाठी बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार बन कर जीतने में सफल रहे। उन्होंने सपा के महेश नारायण सिंह को हराया। अगली बार 2012 में समाजवादी पार्टी के महेश नारायण सिंह ने राकेश धर त्रिपाठी को हरा दिया। इसके बाद 2017 के मोदी लहर में बसपा से हाकिम लाल बिंद ने भाजपा-अद गठबंधन में अपना दल की प्रमिला देवी को पराजित किया।
-मतदाताओं पर एक नजर
वर्ष 2017 के चुनाव में यहा मतदाताओं की संख्या तीन लाख,68 हजार,335 रही। वर्ष 2022 के चुनाव में यह संख्या 31 हजार,195 बढ़ी है। अब तीन लाख,99 हजार,530 मतदाता यहां का निर्णय करेंगे। ज्ञातव्य है कि हंडिया विधानसभा क्षेत्र में यादव मतदाताओं की संख्या सबसे ज्यादा है। इसके बाद ब्राह्मणों की संख्या है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *