राजस्थान के विधायक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में अहम भूमिका निभाएंगें- विधानसभा अध्यक्ष

0

जयपुर, 28 दिसंबर (हि.स.)। विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सी.पी.जोशी ने कहा कि राजस्थान में कोरोना के दौरान और उसके बाद स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में राज्य में राज्य सरकार के साथ विधायकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के लिए राजस्थान के विधायक जागरूक, प्रतिबद्ध और एक जुट हैं। विधायक प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार लाने के लिये प्रयत्नरत हैं।

डॉ. जोशी विधानसभा अध्यक्ष मंगलवार को भारत में कोरोना के दौरान और उसके बाद में प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर विधानसभा में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में बोल रहे थे।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जन प्रतिनिधि स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अपने-अपने क्षे्त्र की सफलता की कहानियों को उजागर करें ताकि देश में बनने वाली नीति में राजस्थान सहयोगी बन सके। ग्रामीण स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिये उप स्वास्थ्य केन्द्रों को सुद्ढ़ किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके लिये सभी विधायक गण मिलजुल कर प्रयास करें। कोरोना के कारण जनसंख्या नियंत्रण कार्यक्रम में आई बाधाओं को भविष्य में दूर करना होगा। विधायकगणों की यह जिम्मेदारी है कि वे लोगों को जागरूक करें, कोविड वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। मास्क और सामाजिक दूरी ने लोगों को बचाया है इन्हें हमें आगे भी अपनाना होगा।

डॉ. जोशी ने कहा कि नाथद्वारा विधान सभा क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं को अच्छे स्वास्थ्य के लिए कोरोना के दौरान किट प्रदान किये गए। उन्हें चिकित्सक तक पहुंचाने के लिए क्षेत्र में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराये गए।

मुख्यमंत्री के सलाहकार डॉ. जीतेन्द्र सिंह ने कहा कि कोविड वैक्सीनेशन जरूरी है और इस कार्यक्रम में विधायकों को अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी। कोविड के दौरान राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से लोगों को सुरक्षित रखा जा सका। राज्य में चिरंजीवी और उड़ान जैसी योजनाएं बेहतर स्वास्थ्य की दृष्टि से लाभदायी हैं।

प्रतिपक्ष के सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रजनन स्वास्थ्य से संबंधी सुविधाओं को बढाने पर बल दिया। उन्होने कहा कि विद्यालयों में बालिकाओं की संख्या बालकों से अधिक होना स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से सुखद संकेत है।
विधायक राजेन्द्र पारीक ने कहा कि ग्रामीण अंचल में लोग स्वस्थ्य रहे और लोगों ने एक दूसरे की मदद भी की। विधायक मदन दिलावर ने कहा कि संकट के दौर में सभी को मिल-जुल कर कार्य करना चाहिए। विधायक निर्मल कुमावत ने कहा कि प्रजनन स्वास्थ्य चुनौती और गंभीर विषय है इसके लिये लोगों को जागरूक करना होगा। विधायक वाजिव अली ने कहा कि कोविड के दौरान होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *